टीआरपी न्यूज. रायपुर
राजधानी रायपुर में एक बार फिर से एयर शो का आयोजन किया जाएगा। राज्योत्सव में राज्योत्सव के दौरान आकाशगंगा टीम पैराशूट जंप का कौशल दिखाएंगी। साथ ही भारतीय वायुसेना की सारंग टीम छह हेलीकॉप्टरों से एयरोबेटिक प्रदर्शन करेगी।
दरअसल, 2 नवंबर 2026 को नवा रायपुर के आसमान में भारतीय वायुसेना का खास प्रदर्शन होगा। वायुसेना की ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम छह हेलीकॉप्टरों के साथ एयरोबेटिक शो पेश करेगी। वहीं ‘आकाशगंगा’ पैराशूट डिस्प्ले टीम के प्रशिक्षित पैराट्रूपर्स पैराशूट जंप के जरिए अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में वायुसेना के 100 से अधिक अधिकारी और जवान शामिल होंगे।
छह हेलीकॉप्टर बनाएंगे आसमान में फॉर्मेशन
भारतीय वायुसेना की ‘सारंग’ टीम छह हेलीकॉप्टरों के साथ एयरोबेटिक प्रदर्शन करेगी। इसके अलावा वायुसेना के तीन अन्य हेलीकॉप्टर भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
वायुसेना के अधिकारियों के मुताबिक, सारंग छह हेलीकॉप्टरों के साथ एयरोबेटिक प्रदर्शन करने वाली विश्व की इकलौती हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम है। टीम के हेलीकॉप्टर अलग-अलग फॉर्मेशन बनाते हुए आसमान में करतब दिखाएंगे।
जानिए क्या है सारंग टीम
सारंग टीम स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) ‘ध्रुव’ के जरिए अपने कौशल का प्रदर्शन करती है। ‘सारंग’ का अर्थ मोर है और टीम के हेलीकॉप्टरों की रंग-सज्जा भी मोर की थीम से प्रेरित है। टीम देश और अंतरराष्ट्रीय एयर शो में भारतीय वायुसेना के पायलटों की दक्षता, अनुशासन और समन्वय के साथ भारत की स्वदेशी विमानन क्षमता का प्रदर्शन करती रही है।
आसमान से पैराशूट जंप करेगी आकाशगंगा टीम
कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना की ‘आकाशगंगा’ पैराशूट डिस्प्ले टीम भी प्रदर्शन करेगी। प्रशिक्षित पैराट्रूपर्स आसमान से छलांग लगाकर पैराशूट के जरिए अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। सारंग के हेलीकॉप्टरों का एयरोबेटिक शो और आकाशगंगा टीम का पैराशूट प्रदर्शन राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा।
सीएम की पहल पर आयोजन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य राज्योत्सव को संस्कृति, विकास और उपलब्धियों के उत्सव के साथ प्रदेशवासियों के लिए यादगार अनुभव बनाना है।
ट्रैफिक और पार्किंग पर फोकस
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक और पार्किंग की पुख्ता कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पार्किंग स्थलों का व्यवस्थित निर्धारण और कार्यक्रम स्थल तक लोगों के सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। लोक निर्माण विभाग को वन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
भीड़ के लिए विस्तृत कार्ययोजना
यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए भी विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि राज्योत्सव के अवसर पर भारतीय वायुसेना का यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़वासियों के लिए विशेष आकर्षण होगा। उन्होंने कहा कि रायपुर इस आयोजन की मेजबानी करेगा और रायपुरवासी वायुसेना के जवानों तथा कार्यक्रम का उत्सव की तरह स्वागत करेंगे।



