रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार को शिक्षकों के युक्तियुक्करण और जर्जर भवनों का मुद्दा गूंजा। खास बात यह रही कि शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को घेरने में विपक्ष से ज्यादा सत्ता पक्ष के विधायक आगे रहे।

राजेश मूणत का तीखा प्रहार

बता दें कि पूर्व मंत्री और रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत ने स्कूलों की जर्जर हालत पर नाराजगी जताते हुए कहा कि युक्तियुक्करण के बाद स्कूलों की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने सदन में खुलासा किया कि उन्हें खुद अपने स्तर पर स्कूलों के लिए दरी (Carpets) खरीद कर देनी पड़ी। मूणत ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बाद भी शिक्षा विभाग के अधिकारी जमीनी हकीकत जांचने नहीं पहुंचे। इस पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि 30 मार्च तक प्रदेश के सभी स्कूलों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

रायपुर में 389 स्कूलों का हुआ खेल, 166 भवन खाली

गौरतलब है कि विधायक सुनील सोनी ने खाली पड़े स्कूल भवनों के उपयोग पर सवाल दागा। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने आंकड़े पेश किए-

  • पूरे प्रदेश में 10,538 शालाओं का युक्तियुक्करण किया गया।
  • रायपुर जिले में 389 स्कूलों में से 385 का युक्तियुक्करण हुआ।
  • 166 स्कूल भवन अब भी खाली पड़े हैं, जिनका कोई उपयोग नहीं हो रहा है।
See also  IPS प्रखर पांडेय का निधन

मंत्री ने आश्वासन दिया कि नए सत्र से 150 नए स्कूल स्वामी आत्मानंद और विवेकानंद स्कूल की तर्ज पर शुरू किए जाएंगे।

अतिथि शिक्षकों का मुद्दा

विपक्ष ने अतिथि शिक्षकों की भर्ती, वेतन और नियमितीकरण का मुद्दा उठाया। कांग्रेस विधायकों ने सरकार को घेरते हुए कहा कि चुनाव से पहले ‘मोदी की गारंटी’ के तहत नियमितीकरण का वादा किया गया था, लेकिन ढाई साल बीतने के बाद भी सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। अतिथि शिक्षकों को न समय पर वेतन मिल रहा है और न ही भविष्य की सुरक्षा।

मंत्री गजेंद्र यादव के जवाब से असंतुष्ट होकर विपक्ष ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।