Raipur Ganesh Visarjan Jhanki 2026 : रायपुर में 28 सितंबर को गणेश विसर्जन झांकी निकाली जाएगी। झांकी रात 9 बजे शारदा चौक से रवाना होगी और जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट स्थित विसर्जन स्थल पहुंचेगी। झांकी को देखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था जारी की है। शाम 7 बजे से डायवर्जन लागू होगा और झांकी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
झांकी के निर्धारित रूट पर केवल झांकी और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी। अन्य वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे शाम 7 बजे से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने को कहा है।
इन रास्तों से कर सकेंगे आवागमन
टाटीबंध की ओर से: टाटीबंध से महोबा बाजार, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन चौक, फाफाडीह चौक और शास्त्री चौक की ओर जा सकेंगे। टाटीबंध से रिंग रोड नंबर-1 होते हुए पचपेड़ी नाका की ओर भी जा सकेंगे।
भनपुरी की ओर से: फाफाडीह चौक, रेलवे स्टेशन चौक और तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध की ओर आवागमन किया जा सकेगा।
फाफाडीह से: शास्त्री चौक, कालीबाड़ी और पचपेड़ी नाका की ओर जा सकेंगे।
तेलीबांधा की ओर से: तेलीबांधा चौक से शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक और रेलवे स्टेशन की ओर जा सकेंगे। कालीबाड़ी मार्ग का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
पचपेड़ी नाका की ओर से: पचपेड़ी नाका चौक, टिकरापारा चौक, कालीबाड़ी चौक, महिला थाना, शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक और रेलवे स्टेशन की ओर आवागमन किया जा सकेगा।
इन रास्तों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
गणेश झांकी के दौरान इन मार्गों पर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा
- शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक।
- आश्रम तिराहा से शारदा चौक/जयस्तंभ चौक।
- सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक।
- फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली।
- बूढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली।
- लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना।
- बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना।
- कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग।
श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था
यातायात पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग स्थल भी तय किए हैं।
पंडरी की ओर से आने वाले: मल्टीलेवल पार्किंग और रजबंधा मैदान की गलियों में वाहन खड़े कर सकेंगे।
सिविल लाइन क्षेत्र से आने वाले: शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान और सुभाष स्टेडियम के किनारे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
टिकरापारा-कालीबाड़ी से आने वाले: सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम और गांधी मैदान का उपयोग कर सकेंगे।
गुढ़ियारी-समता कॉलोनी से आने वाले: भैंसथान मैदान और जवाहर मार्केट पार्किंग का इस्तेमाल कर सकेंगे।
सुंदरनगर-रायपुरा से आने वाले: लाखेनगर चौक स्थित हिंद स्पोर्ट्स मैदान में वाहन पार्क कर सकेंगे।
यातायात पुलिस ने की सहयोग की अपील
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने आम नागरिकों से 28 सितंबर को गणेश झांकी के दौरान जारी डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। लोगों से प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन नहीं ले जाने और यातायात पुलिस के निर्देशों में सहयोग करने को कहा गया है। पुलिस के मुताबिक, व्यवस्था का उद्देश्य झांकी में शामिल श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की आवाजाही को सुरक्षित और सुगम बनाए रखना है।



