IND vs PAK Final Asian Games 2026: एशिया कप के बाद अब एक बार फिर एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट के फाइनल मैच में भारत और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत होने वाली है। सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने श्रीलंका को एकतरफा अंदाज में 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम महज 45 रन पर ढेर हो गई।
भारत की पारी में ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों पर नाबाद 80 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और पांच छक्के लगाए। वहीं वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों में 38 रन बनाकर भारत को तेज शुरुआत दिलाई। इन पारियों की मदद से भारत चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा।
45 रन पर सिमट गई श्रीलंका की टीम
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में ही लगातार विकेट चटकाए और श्रीलंका की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। टीम 9.5 ओवर में सिर्फ 45 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। नुवानिदु फर्नांडो 15 रन के साथ टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
बुमराह और अक्षर ने बरपाया कहर
जसप्रीत बुमराह ने शुरुआती ओवर में दो विकेट लेकर श्रीलंका पर दबाव बना दिया। अक्षर पटेल ने भी दो विकेट हासिल किए। भारतीय क्षेत्ररक्षकों ने भी शानदार प्रदर्शन किया और कई रन आउट किए। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर श्रीलंका की पारी का अंत कर दिया।
अब पाकिस्तान से होगा गोल्ड मेडल मुकाबला
इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक मुकाबले में प्रवेश कर लिया है। फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को छह विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। भारत और पाकिस्तान के बीच गोल्ड मेडल मुकाबला 3 अक्टूबर, शनिवार को भारतीय समय के अनुसार सुबह 10 बजे से खेला जाएगा।
लाइव कैसे देखें ?
एशियन गेम्स 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच गोल्ड मेडल का फाइनल मैच सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकता है। वहीं, सोनी लिव एप पर इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग होगी।
बारिश हुई तो किसे मिलेगा गोल्ड मेडल?
पिछले बार एशियन गेम्स का फाइनल मुकाबला बारिश के कारण शुरू ही नहीं हो पाया था। ऐसे में भारतीय टीम को गोल्ड और अफगानिस्तान को सिल्वर मेडल दिया गया था। लेकिन इस बार नियम में बदलाव किया गया है। अगर बारिश या किसी अन्य वजह से मैच रद्द होता है तो दोनों टीमों को संयुक्त रूप से गोल्ड मेडल दिया जाएगा। इस स्थिति में कोई भी टीम सिल्वर मेडल नहीं जीतेगी। वहीं, ब्रान्ज मेडल के मैच में बारिश होने पर दोनों टीमों को ब्रॉन्ज मेडल मिलेगा।



