A Love Story Born Through Music: कहते हैं प्यार की न कोई सरहद होती है, न कोई भाषा… और इस बात को सच कर दिखाया है जांजगीर-चांपा जिले के एक छोटे से गांव भुईगांव की बेटी ने। पामगढ़ ब्लॉक के वार्ड नंबर 07, नालापारा की 25 साल की क्रिस्टीना नथेनियल अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई हैं, क्योंकि वो अपने लिए सात समंदर पार नीदरलैंड से जीवनसाथी ढूंढ लाई। और उनका हमसफर है – 32 साल का डच युवक क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम।

बीते दिनों जांजगीर कलेक्टोरेट में एक अनोखा नजारा देखने को मिला। एक तरफ छत्तीसगढ़ की बेटी लाल साड़ी में, दूसरी तरफ नीदरलैंड का दूल्हा। अपर कलेक्टर और विवाह अधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता के सामने तीन गवाहों की मौजूदगी में दोनों ने कानूनी रूप से शादी रचाई और विवाह प्रमाण-पत्र भी लिया। ऑफिस के बाहर खड़े लोग बस यही देख रहे थे – आखिर ये जोड़ी मिली कैसे?

संगीत की क्लास में बजा दिल का तार
परिवार वालों ने जो कहानी बताई, वो किसी फिल्म से कम नहीं। क्रिस्टीना संगीत सीखने के लिए नीदरलैंड गई थीं। वहीं उनकी मुलाकात क्रिस्टीयान से हुई। रियाज के बीच, सुरों के बीच, दोनों के दिलों के तार कब मिल गए पता ही नहीं चला। संगीत की शिक्षा साथ-साथ चलती रही और प्यार भी परवान चढ़ता रहा। आखिरकार दोनों ने फैसला किया – अब जिंदगी के सुर साथ-साथ छेड़ने हैं।

गांव में उत्सव जैसा माहौल
भुईगांव जैसे छोटे से गांव के लिए ये किसी सपने जैसा है। जहां आज भी रिश्ते अक्सर आस-पड़ोस और रिश्तेदारी में तय होते हैं, वहां एक बेटी ने विदेश से अपना दूल्हा चुनकर पूरे गांव का नाम रोशन कर दिया। नालापारा में लोग बधाई देने आ रहे हैं। हर किसी की जुबां पर एक ही सवाल – “क्रिस्टीना और क्रिस्टीयान की लव स्टोरी कैसे शुरू हुई?”
फिलहाल इस शादी ने एक बात तो साबित कर दी है – अगर इरादा सच्चा हो तो भुईगांव से नीदरलैंड की दूरी भी महज एक कदम लगती है।
FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q1. जांजगीर के भुईगांव की बेटी ने किससे शादी की?
भुईगांव नालापारा की रहने वाली 25 वर्षीय क्रिस्टीना नथेनियल ने नीदरलैंड के 32 वर्षीय क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम से शादी की है।
Q2. दोनों की मुलाकात और प्यार कैसे हुआ?
क्रिस्टीना संगीत सीखने नीदरलैंड गई थी, वहीं संगीत क्लास के दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और प्यार हो गया।
Q3. शादी कब और कैसे हुई?
16 अक्टूबर को जांजगीर में अपर कलेक्टर एवं विवाह अधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता के समक्ष तीन गवाहों की मौजूदगी में कानूनी रूप से विवाह संपन्न हुआ।



