भिलाई में पकड़ाई नकली नोटों की फैक्ट्री, 54 लाख के नोट जब्त; मास्टरमाइंड गिरफ्तार

दुर्ग/राजगढ़। मध्यप्रदेश की राजगढ़ पुलिस ने छत्तीसगढ़ के भिलाई में नकली नोट बनाने का कारखाना पकड़ा है। यहां से एक आरोपी को पकड़ा गया। उसके पास से 54 लाख रुपए के नकली नोट समेत नोट बनाने वाली सामग्री जब्त की है। पकड़ा गया आरोपी पूरे मामले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।

राजगढ़ में पकड़े गए आरोपियों से मिला था क्लू

राजगढ़ SP प्रदीप शर्मा ने बताया, 26 जून को जीरापुर के इंदर चौराहे से शंकर व रामचंद्र नाम के दो लोगों को एक लाख रुपए के नकली नोटों के साथ पकड़ा था। दोनों को पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर आगर जिले के आरोपी कमल यादव को पकड़ा।

कमल यादव ने पूछताछ के बाद नोटों को छत्तीसगढ़ के भिलाई से लाना बताया। साइबर सेल की मदद से ऑपरेशन सीजी के तहत टीम को छत्तीसगढ़ भेजा गया। यहां भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने एक मकान से मास्टरमाइंड को पकड़ा।

See also  Festival Special Train: पर्व-त्योहार में ट्रेन का सफर होगा आसान, बिलासपुर से चलेंगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन

भारी मात्रा में कागज व प्रिंटर बरामद

एसपी ने बताया, पूछताछ के बाद आरोपी के कमरे की तलाशी ली गई। हालात देखकर पुलिस भी दंग रह गई। यहां नकली नोट छापने का कारखाना चलाया जा रहा था। आरोपी यहां 2000, 500 आरे 200 रुपए के नकली नोट छापता था। यहां से 54 लाख 37 हजार 200 रुपए के नकली नोट बरामद किए गए।

उसके पास से 5 प्रिंटर, 2 पेपर कटर, लैपटॉप, एलईडी मॉनिटर, सीपीयू, लैमिनेटर, वाटर मार्क फ्रेम, नकली नोट फ्रेम, स्पेशल इंक जब्त किया है। नकली नोट में इस्तेमाल करने वाला एक करोड़ रुपए का कागज भी जब्त किया गया है।

इंदौर का रहने वाला है मास्टरमाइंड छत्तीसगढ़ में चला रहा था फैैक्ट्री

पड़ताल में खुलासा हुआ, मामले का मास्टरमाइंड इंदौर का रहने वाला है। इससे पहले वर्ष 2003 में नकली नोट छापने के मामले में इंदौर में गिरफ्तार हो चुका है। इसके बाद वह छत्तीसगढ़ में कमरा किराए से लेकर यहां से नकली नोट छापने लगा। आरोपी ने देशभर में अपना नेटवर्क फैला रखा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह कहां-कहां नोट चला चुका है।

See also  UPSC Prelims 2020: यूपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा की नई तिथियां घोषित, यहां देखें पूरा शेड्यूल

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर