गंगा जल कलश अभियान

महासमुंद। छत्तीसगढ़ में भाजपा ने “गंगाजल के सम्मान मे भाजपा मैदान में” के नारे के साथ कांग्रेस सरकार के खिलाफ अभियान की शुरुआत महासमुंद से की। भाजपा ने शराब बंदी और बेरोजगारी को लेकर गंगाजल के नाम पर कांग्रेस को घेरने की शुरुआत की, तो वही कांग्रेस ने जवाबी हमले में गैस सिलेंडर, पेट्रोल और महंगाई के मुद्दे पर भाजपा को जोरदार झटका दिया ।

राजनीति तो राजनीति है, कभी भी कहीं भी किसी मुद्दे पर की जा सकती है। छत्तीसगढ़ ‌में भाजपा ने छत्तीसगढ़ मे पूर्ण शराब बंदी, बेरोजगारी भत्ता, निराश्रित एवं वृद्धावस्था पेंशन जैसे मुद्दे को लेकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ गंगाजल कलश यात्रा के आयोजन की शुरुआत की। महासमुंद के 246 बूथो से कलश मे गंगाजल लेकर भाजपा जन महासमुंद पहुंचे। महासमुंद में सभा स्थल‌ पर गंगा पूजन एवं आरती कार्यक्रम मे शामिल होने पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा रमन सिंह भी पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री डा रमन सिंह ने अपने उद्बोधन मे भूपेश बघेल सरकार पर आरोपो की झड़ी लगाते हुए जमकर हमला बोला ।

See also  BJP ने स्टार प्रचारकों की सूची से हटाए सीएम और डिप्टी सीएम के नाम

इधर कलश भेंट और उधर…

इसी आयोजन के तहत भाजपाईयों का विधायक निवास पहुंचकर गंगा जल कलश भेंट करने का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम था। भाजपा की कलश यात्रा जब गंगाजल देने विधायक निवास पहुंची तब वहां एकत्र कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी गैस सिलेण्डर और महंगाई के मुद्दे पर भाजपा रैली के सामने जमकर नारेबाजी की। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर यहां अपने समर्थकों के साथ भाजपा नेताओं के सामने पहुंच गए। उन्होंने जहां गंगा जल का कलश स्वीकार किया, वहीं भाजपाईयों को सिलेंडर, सरसो तेल व पेट्रोल-डीजल भेंट करने के साथ ही सब्जियों की माला भी पहनाई। संसदीय सचिव चंद्राकर ने कहा कि गंगा जल का सम्मान करते हुए उन्होंने भाजपाईयों से कलश स्वीकार किया है। कांग्रेस के विधायक ने महंगाई को मुद्दा बनाकर गेंद भाजपा के पाले मे डाल दी।

भाजपा का प्रदर्शन राजनैतिक स्टंट : चंद्राकर

भाजपाईयों के इस तरह के प्रदर्शन को राजनीतिक बताते हुए संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह महंगाई से लोगों को राहत दिलाने की बजाय लगातार आम जनता की आर्थिक स्थिति को नुकसान पहुंचाने वाले निर्णय लगातार ले रही है। देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाने का तेल सारा सामान महंगा है। अब तो पनीर, दही सब में जीएसटी लग रहा है। कुछ बचा ही नहीं है।

See also  छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण नहीं होने देगी हमारी सरकार : CM साय

कांग्रेस को पूरा करना होगा अपना वादा : रमन

भाजपा की गंगा जल कलश यात्रा के मौके पर आयोजित सभा के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले जनघोषणा पत्र में 36 वादे किये थे, जो झूठ पर आधारित थे। उन्होंने कहा कि गांव-गांव से ये महिलाएं गंगा जल कलश लेकर यहां एकत्र हुई हैं और भूपेश बघेल सरकार को यह कहने आईं हैं कि भूपेश बघेल को अपना वादा पूरा करना ही होगा।

बहरहाल सन 2023 में होने जा रहे विधान‌ सभा चुनाव के चलते राजनीतिक सक्रियता में तेजी आई है। भाजपा-कांग्रेस की इस राजनीति का लाभ किसे होता है, यह तो आने वाला समय ही बताएगा।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू और वॉट्सएप, पर