सुसाइड नोट

रायपुर। आरंग थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। उसने आरंग थाना प्रभारी पर कार्रवाई नहीं करने और गलत आरोप लगाने का इल्जाम लगाया है। इसके साथ ही एक सुसाइड नोट भी लिखा है।

जहर सेवन करने वाले इस व्यक्ति का नाम बुधराम सोनकर है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुसाइड नोट में बुधराम ने लिखा कि मुझे राजू निषाद और राजेश निषाद ने इतना प्रताड़ित किया कि मैं ये कदम उठाने जा रहा हूं, मुझे माफ करना। मैं मरना नहीं चाहता था लेकिन मजबूरी में कदम उठा रहा हूं। राजेश निषाद और राजू निषाद अपने भैया-भाभी का धौंस दिखाकर प्रताड़ित किए हैं।

जानकारी मिली है कि बुधराम सोनकर के खिलाफ राजू निषाद 61 वर्ष ने मारपीट और गाली गलौज की शिकायत आरंग थाने में दर्ज कराई थी। जिसपर बुधराम के खिलाफ धारा 294, 223 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। इसके बाद जमानत पर बुधराम रिहा हुआ था। थाने से आने के बाद आज सुबह बुधराम ने जहर खा लिया। सुसाइड नोट में उसने आरंग थाना प्रभारी पर झूठी कार्रवाई करने का आरोप लगाया।

See also  तीसरी लहर के मद्देनजर कटघोरा के स्वास्थ्य केंद्र में लगाया गया ऑक्सीजन प्लांट, हादसों में घायल लोगो को बचाने में भी मिलेगी मदद

रायपुर पुलिस ने रखा अपना पक्ष

आवेदक राजू निषाद उम्र 61 वर्ष निवासी आरंग ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिनांक 31.10.22 को उपस्थित होकर शिकायत पत्र दिया था कि दिनांक 27.10.22 दिन शुक्रवार को आवेदक मछली खरीदने भट्टी रोड आरंग गया था, यहां खड़े बुधराम सोनकर ने उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद पीड़ित ने अपना इलाज शासकीय अस्पताल में कराया, जहां डॉक्टर द्वारा अंबेडकर अस्पताल रायपुर रिफर कर दिया।

आवेदक का उक्त शिकायत पत्र थाना आरंग को दिनांक 10.11.22 को प्राप्त हुआ जिस पर आवेदक बुधराम सोनकर उम्र 48 वर्ष निवासी ब्लॉक कॉलोनी आरंग द्वारा प्रार्थी राजू निषाद को गाली गलौज कर मारपीट करना पाए जाने पर दिनांक 12/11/22 को अपराध क्रमांक 700/22 धारा 294, 323 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।

विवेचना दौरान प्रार्थी का कथन लिया गया है, प्रार्थी का मुलाहिजा कराया गया है। आरोपी बुधराम सोनकर को दिनांक 13/11/22 को गिरफ्तार कर प्रकरण जमानती होने से जमानत मुचलका पर 13/11/22 को दिन में रिहा किया गया है।

See also  Nitesh Pandey Death : 'अनुपमा' फेम नितेश पांडे का निधन, होटल के कमरे में मिली लाश

बुधराम सोनकर राजू निषाद द्वारा की गयी शिकायत एवं कार्यवाही से क्षुब्ध होकर आज दिनांक 14/11/22 को प्रातः किसी ज़हरीले पदार्थ सेवन कर लिया है, जिसका इलाज चल रहा है। बुधराम ने अपने सुसाइड नोट में शिकायत करने वालों पर झूठी शिकायत करने और थाना प्रभारी पर उसकी बात नहीं सुनने का आरोप लगाया है।

बुधराम के खिलाफ अनेक मामले हैं दर्ज

बुधराम सोनकर के विरुद्ध थाना आरंग में अवैध शराब बिक्री संबंधी 6 प्रकरण एवं मारपीट के एक प्रकरण कुल 7 प्रकरण दर्ज हैं। उसके पुत्र हेमंत सोनकर के विरुद्ध अवैध रूप से शराब पिलाने के 8 प्रकरण मारपीट के 2 प्रकरण कुल 10 प्रकरण तथा भीम सोनकर के विरुद्ध अवैध रूप से शराब पिलाने के 4 प्रकरण मारपीट के 2 प्रकरण कुल 6 प्रकरण दर्ज हैं। बहरहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू और वॉट्सएप, पर