बिजनेस डेस्क । नया वित्त वर्ष 1 अप्रैल 2023 यानी कल से शुरू हो रहा है। ऐसे में निवेश और फाइनैंशियल गोल के लिए ये अच्छा अवसर है. हालांकि नए वित्त वर्ष के शुरुआत के साथ ही आयकर समेत कई बदलाव होंगे, जिनकी सूची लंबी है। इन बदलावों का सीधा असर आपकी-हमारी वित्तीय सेहत पर पड़ेगा।

जानें जरूरी बदलावों के बारे में…

नई कर व्यवस्था: 7 लाख तक की कमाई पर अब छूट

अगर आप अगले वित्त वर्ष से आयकर रिटर्न भरने के लिए पुरानी या नई कर व्यवस्था में से किसी एक का चयन नहीं करते हैं तो नई व्यवस्था में डिफॉल्ट शामिल हो जाएंगे। 2023-24 के बजट में वित्त मंत्री ने इसे पेश किया था। नई कर व्यवस्था में छूट की सीमा 5 लाख रुपए से बढ़ाकर 7 लाख रुपए कर दी गई है। पुरानी कर व्यवस्था में 2.5 लाख रुपए तक की कमाई कर मुक्त है। ध्यान देने वाली बात है कि पुरानी कर व्यवस्था की तरह नई में आपको कई प्रकार की छूट का लाभ नहीं मिलेगा। अगर आप नई कर व्यवस्था का चुनाव करते हैं तो 7.27 लाख रुपए की सालाना कमाई पर 25,000 रुपए का कर देना होगा।

स्टैंडर्ड डिडक्शन: 50,000 रुपए का उठा सकते हैं लाभ

वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए स्टैंडर्ड डिडक्शन अब नई कर व्यवस्था का हिस्सा होगा। इसके लिए करदाता 50,000 रुपए तक का दावा कर सकता है, जबकि 15.5 लाख रुपए या उससे अधिक की आय वाले प्रत्येक वेतनभोगी को स्टैंडर्ड डिडक्शन के रूप में 52,500 रुपए का लाभ होता है। नए वित्त वर्ष से गैर-सरकारी कर्मचारियों के लिए लीव एनकैशमैंट की सीमा 25 लाख रुपए कर दी गई है। पहले यह तीन लाख ही थी। 2002 में इसे तीन लाख रुपए किया गया था।

See also  आसान हुआ विदेशों में मनी ट्रांसफर, कई देशों के पेमेंट सिस्टम से जुड़ेगें UPI और भीम ऐप, जानें क्या होगा फायदा

महिला सम्मान बचत योजना मिलेगा 7.50 फीसदी ब्याज

महिला सम्मान बचत योजना को पहली बार शुरू किया गया है। इसके तहत महिलाओं या युवतियों के नाम पर अधिकतम दो लाख रुपए तक का निवेश कर सकते हैं। इस पर 7.50 फीसदी की दर से तय ब्याज मिलेगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से 2023-24 के बजट में पेश यह योजना केवल दो साल के लिए होगी। यानी महिला सम्मान बचत योजना मार्च, 2025 तक रहेगी। इस अवधि के दौरान दो लाख रुपए के निवेश पर कुल 30,000 रुपए का ब्याज मिलेगा। इसमें आंशिक निकासी की भी सुविधा दी गई है।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए बचत योजना में दोगुना निवेश

वरिष्ठ नागरिक बचत योजना (एससीएसएस) और पोस्ट ऑफिस मासिक योजना (पीओएमआईएस) में निवेश दोगुना हो जाएगा। एससीएसएस में 15 लाख रुपए सालाना की सीमा अब 30 लाख रुपए हो जाएगी यानी अगर कोई इसमें अधिकतम 15 लाख रुपए पहले निवेश करता था तो उसे 8 फीसदी ब्याज दर से 5 साल में 6 लाख रुपए का ब्याज मिलता था।

See also  कृषि कानून: सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से चार हफ्तों में मांगा जवाब

अधिकतम 30 लाख की निवेश सीमा पर 12 लाख रुपए का ब्याज मिलेगा

पोस्ट ऑफिस मासिक योजना में पहले व्यक्तिगत निवेश की सीमा 4.5 लाख रुपए थी, जिसे बढ़ाकर अब 9 लाख रुपए कर दिया गया है। संयुक्त खाते के लिए इस निवेश सीमा को 9 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपए किया गया है।

ऑनलाइन गेमिंग पर लगेगा 30 फीसदी टैक्स

ऑनलाइन गेमिंग से कितनी भी कमाई हो, अब 30 फीसदी टैक्स का भुगतान करना होगा। पहले 10 हजार रुपए या इससे ज्यादा की कमाई पर ही टैक्स लगता था। इसके अलावा, आयकर रिटर्न दाखिल करते समय अब ऑनलाइन गेमिंग के जरिए मिलने वाली रकम की जानकारी भी देनी होगी।

डेट म्यूचुअल फंड: नहीं मिलेगा एलटीसीजी लाभ

एक अप्रैल से डेट म्युचुअल फंड में निवेश के नियम बदल जाएंगे। इसके तहत, अब लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन्स टैक्स (एलटीसीजी) की परिभाषा बदल गई है। नए नियम उन डेट म्यूचुअल फंड पर लागू होंगे, जिन्होंने शेयर बाजार में 35 फीसदी से कम निवेश कर रखा है। इसके तहत निवेश पर मिलने वाले रिटर्न पर शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन्स टैक्स लगेगा। इस कारण निवेशकों को पहले से ज्यादा टैक्स देना पड़ेगा।

See also  गेड़ी नृत्य दल ने छत्तीसगढ़ को दिलाई अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक पहचान

रीट-इनविट में कर्ज भुगतान पर लगेगा टैक्स

नए नियम के तहत रीट और इनविट में कर्ज भुगतान किया जाता है तो इस पर टैक्स लगेगा। इसके तहत कंपनियां यूनिट धारकों को कर्ज पुनर्भुगतान के रूप में रकम देती हैं। रीट ऐसी योजना है जो निवेशकों से पैसा जुटाकर उसे रियल एस्टेट में निवेश करती है। इसी तरह से इनविट ऐसी योजना है जिसके तहत कंपनियां पैसा जुटाकर इन्फ्रा में निवेश करती हैं।

महंगी होंगी गाड़ियां

देश में एक अप्रैल से नए उत्सर्जन मानक लागू हो जाएंगे। इससे वाहन निर्माता कंपनियां बीएस-6 के दूसरे चरण के कड़े उत्सर्जन नियम के अनुसार गाड़ियां बनाना या पुरानी गाड़ियों के इंजन अपडेट करना शुरू कर चुकी हैं। इससे कंपनियों की उत्पादन लागत बढ़ रही है। यही वजह है कि मारुति, टाटा मोटर्स, होंडा, किआ और हीरो मोटोकॉर्प समेत कई कंपनियां वाहनों के दाम बढ़ाने वाली हैं।