colectr ret

0 हत्या के प्रयास के मामले में ट्रक चालक को किया गया गिरफ्तार

बीड। देशभर में रेत को लेकर गुंडागर्दी की खबरें अक्सर आती हैं, मगर इस बार जो खबर सामने आयी वह सभी को चौंकाने वाली थी। महाराष्ट्र के बीड जिले में रेत माफिया द्वारा यहां की महिला कलेक्टर को डम्पर से कुचलने की कोशिश का मामला सामने आया है। यहां कलेक्टर ने अवैध रूप से रेत ले जा रहे एक डम्पर के आगे अपनी कार अड़ाकर उसे रोकने का प्रयास किया था, लेकिन उसने रुकने के बजाय डम्पर की स्पीड बढ़ा दी।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार(25 मई) तड़के बीड जिले के गेवराई तालुका में हुई इस घटना में कलेक्टर दीपा मुधोल मुंडे की कार भी रेत में फंस गई, जब डंपर के ड्राइवर ने उसे टक्कर मारकर अचानक सड़क से नीचे धकेल दिया था। कलेक्टर का पुलिस गार्ड डम्पर को रोकने की कोशिश में उसके ड्राइवर पर खिड़की की साइड से कूद तक पड़ा था।

See also  कलेक्टर ने खबर को लेकर अधिकारी से अभद्र भाषा का किया प्रयोग, पद की धौंस दिखाई और कर दिया अटैच, शिकायत के बाद अपना ही आदेश किया निरस्त

बिना नंबर की ट्रक में रेत परिवहन

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिला कलेक्टर अपने सरकारी वाहन में बॉडी गार्ड के साथ औरंगाबाद से बीड आ रही थीं, जब उन्होंने गुरुवार तड़के लगभग 3.15 बजे धुले-सोलापुर राजमार्ग पर गेवराई के माडलमोही गांव के पास बालू लदे एक डंपर को देखा। ट्रक में नंबर प्लेट नहीं थी।

कलेक्टर ने अपनी कार के ड्राइवर से डंपर को रोकने की कोशिश करने को कहा। कलेक्टर के ड्राइवर ने डम्पर को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। इसके बाद कलेक्टर ने ड्राइवर से कहा कि वह अपनी कार को ट्रक के आगे ले जाए, ताकि वह रुक जाए। लेकिन जब उसने ऐसा किया तो डंपर ड्राइवर ने स्पीड बढ़ा दी। हालांकि पहली बार में कलेक्टर के ड्राइवर ने को टक्कर होने से बचा लिया।

सड़क पर उड़ेल दिया रेत को

कलेक्टर ने अपने ड्राइवर को रेत से भरे डम्पर का पीछा करते रहने को कहा। करीब एक किमी चलने के बाद डंपर ड्राइवर ने रेत को सड़क के पास उड़ेल दिया, इससे कलेक्टर की कार उसमें फंस गई। कलेक्टर के बॉडी गार्ड अंबादास पावने डम्पर की तरफ दौड़े और ड्राइवर की तरफ से डम्पर पर चढ़ गए। लेकिन डम्पर ड्राइवर ने गार्ड को धमकाया और गाड़ी चलाता रहा। पुलिस अधिकारी ने कहा कि करीब तीन किमी के बाद डंपर चालक ने वाहन को रोका और मौके से फरार हो गया।

See also  किसानों के समर्थन में अमेरिका में लगे भारत विरोधी नारे, लहराए गए खालिस्तानी झंडे

हत्या के प्रयास का जुर्म दर्ज

कलेक्टर ने कहा कि उन्होंने बीड के एसपी को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने डंपर ड्राइवर प्रकाश कोकरे को गिरफ्तार कर लिया और उसके वाहन को भी जब्त कर लिया। कलेक्टर के बॉडी गार्ड द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, इंडियन पेनल कोड (आईपीसी) की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और 353 (सरकारी कर्मचारी को कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू
 पर