गुआहाटी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने आरोप लगाया है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान उनकी कार पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हमला किया। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, “अभी कुछ मिनट पहले जुमुगुरिहट, सुनितपुर में मेरे वाहन पर बीजेपी की हुड़दंगी भीड़ ने हमला किया। उसने विंडशील्ड पर लगे भारत जोड़ो न्याय यात्रा स्टिकर को फाड़ दिया।”

मुख्यमंत्री हिमंता पर साधा निशाना..

जयराम रमेश ने आगे लिखा है कि “उन्होंने पानी फेंका और यात्रा के विरोध में नारे लगाए, लेकिन हम शांत बने रहे और उपद्रवियों से बचकर वहां तेज़ी से निकले। ये बिना शक असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की कारगुजारी है। हम इससे डरे नहीं हैं और आगे बढ़ते रहेंगे।”

पूर्व में भी हो चुका है हमला

गौरतलब है कि 14 जनवरी को मणिपुर से राहुल गांधी की यात्रा असम में पहुंची उसके बाद ही कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि उनके काफ़िले पर हमला हुआ। इसे लेकर कांग्रेस ने शिकायत भी दर्ज कराई थी।

See also  जेएनयू हिंसा: छह नकाबपोशों की हुई पहचान, 4 जेएनयू और 2 डीयू के, आज आइशी समेत कुछ छात्रों से पूछताछ

पूर्व में राहुल गांधी ने असम सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट सरकार बताया था जिसके बाद सीएम हिमंता ने गांधी परिवार को भ्रष्ट कहा और यहां तक कि गिरफ़्तार करने की धमकी तक दी थी।