रायपुर। मरवाही वन मंडल के गौरेला वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने लोक निर्माण विभाग के निर्माणाधीन रेस्ट हाउस पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में अवैध सागौन लकड़ी जब्त की है।

सूचना मिली थी कि पेंड्रारोड स्थित गुरुकुल के नए रेस्ट हाउस में बिना वैध दस्तावेजों के सागौन लकड़ी का उपयोग हो रहा है। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने लकड़ी से बने दरवाजे, खिड़कियां, फाटक और अन्य फर्नीचर जब्त कर लिया।

कार्रवाई के दौरान लोक निर्माण विभाग का कोई भी अधिकारी या ठेकेदार मौजूद नहीं था। बुलाने के बावजूद कोई जांच के लिए नहीं पहुंचा। वन विभाग का कहना है कि यह लकड़ी पूरी तरह से अवैध है, जिसका उपयोग बिना किसी वैध कागजात के हो रहा था।

छापेमारी के दौरान 12 से 15 लाख रुपये की सागौन लकड़ी जब्त की गई, जिसमें 3.4 घन मीटर लकड़ी से दरवाजे पहले ही तैयार किए जा चुके थे। गौरेला के रेंजर योगेश्वर प्रसाद बंजारे ने बताया कि अब तक किसी ने भी इन लकड़ियों पर दावा नहीं किया है, जिससे इसकी अवैधता की पुष्टि होती है।

See also  Korba-Raipur-Korba Hasdeo Express: कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस अब डेली ट्रेन, 1 अगस्त से एक ही नंबर 18249/18250 से पूरी होगी जर्नी