BEO – DEO के नाम पार मांगा रिश्वत
कोरबा। ऊर्जाधानी में एसीबी की टीम ने 2 लाख रुपए रिश्वत लेते एक शिक्षक को ट्रैप करके सबको चौंका दिया है। शिक्षक पर हुई इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग समेत पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। सब यह सोचकर परेशान हैं कि आखिर एक शिक्षक किसलिए रिश्वत की रकम ले रहा था ?
ACB ने जानकारी दी है कि प्रार्थी रामायण पटेल, निवासी नया काशी नगर, कोरबा द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर में शिकायत की गई थी कि प्राथमिक शाला केसला जिला कोरबा में वह प्रधान पाठक एवं उनकी पत्नी गरिमा चौहान भी शिक्षक के रूप में पदस्थ हैं। उनकी मुलाकात माध्यमिक शाला बेला जिला कोरबा में शिक्षक के रूप में पदस्थ विनोद कुमार सांडे जो कि समग्र शिक्षक फेडरेशन कोरबा का जिला अध्यक्ष भी है, से होने पर आरोपी विनोद कुमार सांडे द्वारा कहा गया कि तुम्हारी पत्नी गरिमा चौहान का बहुत दूर के स्कूल में स्थानांतरण हो रहा है, डीईओ कोरबा एवं बीईओ कोरबा से उनके बहुत अच्छे व लेनदेन का संबंध होना बताकर नजदीक के स्कूल प्राथमिक शाला ओमपुर में स्थानांतरण करा देने के एवज में 2,00,000 रूपये रिश्वत की मांग की गई थी। प्रार्थी ने रिश्वत देने कि बजाय ACB में इसकी शिकायत कर दी। शिकायत के सत्यापन के बाद आज ट्रेप आयोजित कर प्रार्थी से विनोद कुमार सांडे, शिक्षक को 2,00,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।

आरोपी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के प्रावधानों के तहत् कार्यवाही की
गई। आरोपी विनोद सांडे को टीम ने न्यायालय में पेश करने के बाद जेल में दाखिल कर दिया है।
जांजगीर जिले में पकड़ा गया पटवारी
इस मामले में सत्येन्द्र कुमार राठौर, निवासी पुराना चंदनिया पारा, जांजगीर द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर में शिकायत की गई थी ग्राम पुटपुरा में उनके एवं परिवार के सदस्यों के नाम पर जमीन है। उक्त जमीन से उनकी 02 बुआ ने हकछोड रजिस्ट्री के माध्यम से अपना हक त्याग कर दिया है, जिस पर उसने उक्त जमीन से अपनी दोनों बुआ का नाम बी 1, पी2 तथा ऋण पुस्तिका से नाम हटाने के लिये आवेदन किया था।

एक माह व्यतीत होने के बाद भी पुटपुरा पटवारी बालमुकुंद राठौर द्वारा ऋण पुस्तिका से नाम नहीं हटाया गया और इस कार्य के एवज में 20,000 रूपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत के सत्यापन पश्चात् आज ट्रेप आयोजित कर प्रार्थी से पटवारी बालमुकुंद राठौर को 20,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जा रही है।



