गरियाबंद। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के बोरसी गांव में घर से सोने-चांदी के जेवरात की चोरी के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। यहां दर्ज शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने पाया कि चोरी किसी बाहरी ने नहीं बल्कि पीड़ित के बेटे ने ही की है। आरोपी हुलस साहू को गिरफ्तार कर पुलिस ने चोरी का सामान भी जब्त किया है।

बीते 15 अगस्त 2025 को ग्राम बोरसी निवासी टीकूराम साहू ने फिंगेश्वर थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह, उसकी पत्नी, पुत्र और बहू सुबह 9:30 बजे खेत काम करने गए थे। करीब 11:00 बजे एक पड़ोसी ने फोन कर जानकारी दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है और सामान बिखरा पड़ा है।

टीकूराम साहू जब घर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा है और दीवान में रखे पेटी व आलमारी से सोने-चांदी के कीमती जेवरात और नगदी रकम गायब है। चोरी किए गए सामान में चांदी का करधन, सांटी, पैरपट्टी, ऐंठी सहित कुल 2,17,000 रुपये के आभूषण और 3,000 रुपये नकद शामिल थे।

See also  अंतर्राष्ट्रीय युवा शिविर में शामिल CM बघेल ने युवाओं को ग्राम सुराज के लिए किया प्रेरित

फिंगेश्वर पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर जब पूछताछ शुरू की, तो प्रार्थी टीकूराम साहू के पुत्र हुलस साहू (32 वर्ष) की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर हुलस साहू ने चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी हुलस साहू के कब्जे से सभी चोरी किए गए जेवरात और 3,000 रुपये नकद की बरामदगी की गई। कुल जुमला राशि 2,20,000 रुपये की संपत्ति जब्त कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

चोरी के इस खुलासे के बाद आरोपी के परिजन ही नहीं ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। लोग यह सोच रहे हैं कि इस युवक को अपने ही घर पर चोरी की जरुरत आखिर क्यों पड़ी।