इंदौर। मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस के ‘वोट चोरी’ के आरोपों को खारिज करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस को ‘गैर-जिम्मेदार विपक्ष’ बताते हुए कहा कि वह सिर्फ आरोप लगाकर भाग जाती है, जबकि जिम्मेदार विपक्ष जनहित के मुद्दों को जवाबदेही के साथ उठाता है।
‘देश में दो तरह का विपक्ष होता है’
मंत्री विजयवर्गीय ने कहा “देश में दो तरह का विपक्ष होता है, एक जिम्मेदार और एक गैर-जिम्मेदार। गैरजिम्मेदार विपक्ष सिर्फ झूठे आरोप लगाता है और जनता को भ्रमित करता है। भाजपा ने जब विपक्ष में थी, तब जिम्मेदारी के साथ जनहित की बात की। लेकिन आज का विपक्ष केवल नेरेटिव गढ़ने और राजनीतिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है।”
राहुल गांधी पर सीधा निशाना
कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी सिर्फ नेरेटिव बनाते हैं। उन्होंने लोकसभा में कहा कि संविधान खत्म हो रहा है। यह एक राजनीतिक स्क्रिप्ट थी, न कि हकीकत। अब देश की जनता जागरूक हो चुकी है और ऐसे भ्रामक बयानों में नहीं आने वाली।”


