रायगढ़। तमनार थाना क्षेत्र में कुत्ता घुमाने की बात को लेकर हुए विवाद में टांगी से 24 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस इस मामले में दो नाबालिग समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत आमघाट के दांदरी गांव का रहने वाला सुजीत खलखो बुधवार रात अपने चाचा सुरेश मिंज के घर खाना खा रहा था। इसी दौरान पास के मोहल्ले फिटिंगपारा में रहने वाले तीन आरोपी हाथ में टांगी लेकर वहां पहुंचे और बाहर से आवाज देकर सुजीत को बुलाया। जैसे ही सुजीत बाहर आया, आरोपियों ने उसके सिर पर टांगी के पिछले हिस्से से जोरदार वार कर दिया। वार इतना जबरदस्त था कि सुजीत मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। जब उसका चाचा सुरेश मिंज बीच-बचाव करने आया तो आरोपियों ने उसकी भी पिटाई कर दी और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
कुत्ता घुमाने के दौरान हुआ था विवाद
इस वारदात की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा दिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि सुजीत और आरोपियों के बीच कुछ दिन पहले कुत्ता घुमाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में हत्या को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज की और भाग रहे तीनो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों को थाना ले जाकर पूछताछ की जा रही है। घटना मे शामिल आरोपियों में दो नाबालिग भी बताये जा रहे हैं।



