स्पोर्ट्स डेस्क। Asia Cup 2025 Final : 41 साल के एशिया कप इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल खेला जाएगा। कल खेल गए रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 11 रन से हराकर एशिया कप 2025 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। फाइनल मुकाबला रविवार, 28 सितंबर को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा।

गुरुवार को खेले गए सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 135 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम नौ विकेट खोकर केवल 124 रन ही बना सकी। पाकिस्तान के गेंदबाजों ने दबाव की स्थिति में सटीक प्रदर्शन करते हुए छोटे लक्ष्य का भी सफलतापूर्वक बचाव किया।

Asia Cup 2025 Final : बल्लेबाजी में पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 11 ओवर के भीतर अपने पांच शीर्ष बल्लेबाजों को खो दिया था और स्कोरबोर्ड पर महज 49 रन ही जुड़े थे। इस मुश्किल घड़ी में मोहम्मद हारिस, शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद नवाज ने महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। इन तीनों की बदौलत आखिरी आठ ओवरों में पाकिस्तान ने 80 रन जोड़े, जिससे टीम एक प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंच सकी।

See also  काबुल एयरपोर्ट पर तालिबान के कब्जे के बीच फायरिंग के बाद भगदड़, आज भारत की अध्यक्षता में अफगानिस्तान को लेकर UNSC की बड़ी बैठक

बांग्लादेश की गेंदबाजी में तस्कीन अहमद ने तीन विकेट लेकर पाकिस्तानी शीर्ष क्रम को झकझोर दिया। रिशाद हुसैन और महेदी हसन ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मुस्ताफिजूर रहमान को एक सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेशी टीम भी दबाव में दिखी। शाहीन शाह अफरीदी ने पहले ओवर में ही विकेट लेकर शुरुआत की और फिर लगातार झटकों से बांग्लादेश की पारी को बांधे रखा। हारिस रऊफ ने भी अहम मौकों पर विकेट लेकर मैच पाकिस्तान के पक्ष में मोड़ दिया। बांग्लादेश के लिए शमीम हुसैन ने सबसे अधिक 30 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज संघर्ष करते रहे।

Asia Cup 2025 Final : इस जीत के साथ पाकिस्तान ने सुपर-4 चरण में अपने तीन में से दो मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई। भारत पहले ही दो जीत के साथ फाइनल में पहुंच चुका है और अपने आखिरी सुपर-4 मैच में आज श्रीलंका से भिड़ेगा।

बता दे कि एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी। 2016 में पहली बार यह टूर्नामेंट टी20 प्रारूप में खेला गया। भारतीय टीम सबसे ज्यादा बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली टीम है। भारत ने अब तक आठ बार एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की है। वहीं, पाकिस्तान ने सिर्फ दो बार खिताब अपने नाम किया जबकि श्रीलंका ने छह बार एशिया कप की ट्रॉफी उठाई है।

See also  भारतीय जनता युवा मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्य के नेतृव में चेन्नई में युवा संसद का आयोजन