रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने बाल देखरेख संस्था के अधीक्षक पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। कुल 55 पदों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 8 नवंबर 2025 तक छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया
ऑनलाइन आवेदन 10 अक्टूबर 2025 से शुरू हो चुके हैं और अंतिम तिथि 8 नवंबर 2025 (रात 11:59 बजे) निर्धारित की गई है। आवेदन केवल आयोग की वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर स्वीकार किए जाएंगे।
वेतन और आयु सीमा
अधीक्षक पद के लिए वेतन लेवल-9 (₹9300–34800 + ग्रेड पे ₹4300) निर्धारित है। आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष रखी गई है। छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों और आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट दी जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता और चयन प्रक्रिया
अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है। समाजशास्त्र, मनोविज्ञान या सामाजिक कार्य में स्नातक डिग्री वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर होगा। लिखित परीक्षा 300 अंकों की होगी, जिसमें छत्तीसगढ़ सामान्य ज्ञान के 50 और बाल देखरेख से संबंधित सामान्य ज्ञान के 100 सवाल शामिल होंगे। साक्षात्कार 30 अंकों का होगा, जिसका कुल योग 330 अंक होगा।



