टीआरपी डेस्क। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। वार्ता के बाद दोनों देशों ने उर्वरक, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, शिपिंग और खनिज संसाधनों सहित कई क्षेत्रों में सहयोग संबंधी समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

भारत और रूस के बीच हुए उर्वरक समझौते के तहत दोनों देश मिलकर यूरिया का संयुक्त उत्पादन करेंगे। वर्तमान में भारत रूस से बड़ी मात्रा में यूरिया आयात करता है। इस साझेदारी से भविष्य में भारत को आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

प्रवासन पर हुए समझौते को भारतीय कामगारों के लिए लाभकारी माना जा रहा है। इसके तहत भारत के श्रमिक अब रूस जाकर बेहतर वेतन पर काम कर सकेंगे। कनाडा और ब्रिटेन जैसे देशों में कड़े प्रवासन नियमों के बीच यह कदम वर्कर्स के लिए राहत लेकर आया है।

बैठक के बाद संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन की यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत-रूस संबंध कई महत्वपूर्ण पड़ावों से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की दोस्ती आठ दशकों से दृढ़ रही है और यह संबंध आपसी सम्मान तथा भरोसे पर आधारित हैं।

See also  बेहतर टैक्स प्रबंधन के लिए राजस्थान सरकार को प्राप्त हुए दो गोल्ड पुरस्कार

द्विपक्षीय वार्ता के दौरान भारत और रूस ने हेल्थ, फूड सेफ्टी और पोर्ट व शिपिंग सेक्टर में सहयोग के लिए भी समझौतों पर हस्ताक्षर किए। दोनों देशों ने अपनी अर्थव्यवस्थाओं के रणनीतिक क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि भारत और रूस 2030 तक के आर्थिक सहयोग कार्यक्रम पर सहमत हुए हैं। उन्होंने यह भी दोहराया कि भारत ने यूक्रेन मामले पर शुरू से ही शांति का समर्थन किया है। आवश्यक खनिजों की स्थायित्व और विविध सप्लाई चेन सुनिश्चित करने में भारत–रूस सहयोग को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया।

दोनों देशों के बीच जिन समझौतों का आदान प्रदान हुआ उनमें शामिल हैं-

1. सहयोग और प्रवासन पर समझौता (Agreement on Cooperation and Migration)

2.अस्थायी श्रम गतिविधियों पर समझौता (⁠Temporary labour activities)

3.स्वास्थ्य सेवा और मेडिकल शिक्षा पर समझौता (Agreement on Healthcare, Medical Education)

4. खाद्य सुरक्षा और मानकों पर समझौता (Agreement on Food Safety and Standards)

See also  Malegaon blast case: प्रज्ञा ठाकुर का दावा-पीएम मोदी का नाम लेने के लिए डाला गया था दबाव

5. ध्रुवीय जहाजों पर समझौते (Agreements on Polar Ships)

6. समुद्री सहयोग पर समझौते (Agreements on Meritime Cooperation)

7. उर्वरकों पर समझौता (Agreement on Fertilizers)