Food Inspector Suspended : समर्थन मूल्य में की जा रही सरकारी धान खरीदी में कोचियों और बिचौलियों से मिलीभगत और उन्हें सहयोग करने का मामला उजागर होने के बाद खाद्य निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है।

धान खरीदी में धांधली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर जितेंद्र यादव की अनुशंसा पर खाद्य संचालक डॉक्टर फरिहा आलम ने निलंबन की कार्यवाही की है। शिकायत मिलने पर पहले कलेक्टर ने जांच करवाई और जांच में सांठ–गांठ उजागर हुई।

शासन की योजना के तहत किसानों को उनकी मेहनत का लाभ प्रदान करने के लिए समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जाती है। मगर हर साल की तरह इस बार भी पड़ोसी राज्य से धान लाकर बिचौलियों द्वारा खरीदी केंद्रों में धान को खपाने की कोशिश लगातार की जा रही है। गौरतलब है कि राजनांदगांव पड़ोसी राज्य की सीमा से सटा राज्य है लिहाजा कलेक्टर जितेंद्र यादव ने स्पष्ट निर्देश दिया था किbबाहरी धान के आवक को रोका जाए। इसके अलावा बिचौलियों पर भी कड़ी नजर रखी जाए। इस निर्देश का उल्लंघन होने पर खाद्य निरीक्षक सिद्धांत मिश्रा के खिलाफ निलंबन की कार्यवाही की गई है।

See also  11 साल पुराने मदनवाड़ा नक्सली हमले की न्यायिक जांच शुरू, आयोग ने शपथपत्र पर मंगाई जानकारी

मिली जानकारी के अनुसार कोचियों और बिचौलियों से मिलीभगत के आरोप में खाद्य निरीक्षक सिद्धांत मिश्रा को निलंबित किया गया है। डोंगरगढ़ क्षेत्र में बिचौलियों से बड़ी मात्रा में अवैध धान पाए जाने के बाद खाद्य निरीक्षक सिद्धांत मिश्रा की भूमिका इसमें संदिग्ध पाई गई थी। शिकायतें मिलने पर कलेक्टर जितेंद्र यादव ने पहले उन्हें डोंगरगढ़ से हटा कर मुख्यालय अटैच कर दिया था फिर मामले की जांच के निर्देश दिए थे।

जांच में खाद्य निरीक्षक सिद्धांत मिश्रा के द्वारा लापरवाही करना और अनियमितता तथा कोचियों के साथ संलिप्तता उजागर हुई। जिसके आधार पर कलेक्टर जितेंद्र यादव ने उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की अनुशंसा संचालक खाद्य को भेज दी थी, जिसके आधार पर निलंबन की कार्यवाही की गई।