महासमुंद। महासमुंद जिले के सरायपाली अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र सिंगबहाल में धान परिवहन में हेराफेरी का मामला उजागर हुआ है। इसके बाद अवैध परिवहन में संलिप्त 4 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। बता दें कि इस जिले में सर्वाधिक धान जब्त के प्रकरण बनाए गए हैं ।

खाद्य अधिकारी अजय यादव ने बताया कि 20 दिसंबर की शाम करीब 6 बजे सिंगबहाल धान उपार्जन केंद्र में धान की हेराफेरी के संबंध में सूचना मिलने पर खाद्य निरीक्षक अविनाश दुबे एवं तहसीलदार श्रीधर पंडा ने मौके पर जाकर खरीदी केंद्र प्रभारी बुध्दिवंत प्रधान से डीओ, डीएम राईस मिलर गेट पास एवं तौल पत्रक प्रस्तुत करने को कहा गया। जिस पर बुध्दिवंत प्रधान द्वारा डीओ डीएम राईस मिलर गेट पास एवं तौल पत्रक प्रस्तुत किया गया। जिसको जांच करने पर डीओ में भोलेनाथ इण्डस्ट्रीज छुईपाली का 350 क्विटंल का डीओ एवं डीएम में कुल 875 बोरा धान, धान उपार्जन केंद्र सिंगबहाल से भोलेनाथ इंडस्ट्रीज छुईपाली को जारी करना पाया गया, जबकि ट्रक में 500 बोरी धान लोड होना पाया गया।

See also  रेत का बड़े पैमाने पर किया गया भण्डारण, महासमुंद जिला प्रशासन ने ठोंका 2 करोड़ से भी अधिक का जुर्माना, मगर राजधानी में रेत माफियाओं को दी जा रही है छूट

घोटाले में इन 4 की संलिप्तता पाई गई

उक्त अनियमितता में बुध्दिवंत प्रधान, हेमंत साहू, गिरजाशंकर भोई एवं आशीष अग्रवाल निवासी छुईपाली थाना सिंघोडा जिला महासमुंद (छ.ग.) की संलिप्तता पाई गई है। उक्त कृत्य शासन को हानि पहुंचाने की मंशा से होना पाया गया है।

उक्त संदर्भ में तहसीलदार सरायपाली, खाद्य निरीक्षक सरायपाली एवं पर्यवेक्षक शाखा सरायपाली द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के अनुसार संयुक्त जांच दल के द्वारा सहकारी समिति मर्या. सिंगबहाल के धान उपार्जन केन्द्र सिंगबहाल से मिल श्री भोलेनाथ इण्डट्रिज छुईपाली को जारी डीओ एवं डीएम के आधार पर ट्रक में लोड किये धान एवं उक्त से संबंधित दस्तावेजों, रजिस्टर, सीसीटिवी फुटेज की जांच में प्राप्त तथ्य के अनुसार बुद्धिवंत प्रधान, हेमंत साहू तथा गिरिजाशंकर भोई के द्वारा जानबूझकर तय डीएम की मात्रा से कम धान ट्रक में लोड किया गया एवं शासन को हानि पहुंचाने का कार्य किया गया है।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मीडिया को बताया कि इस कृत्य में श्री भोलेनाथ इंडस्ट्रीज छुईपाली के संचालक आशीष अग्रवाल सक्रिय रूप से भागीदार रहा है। उक्त अनियमितता में सम्मिलित सभी दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।

See also  संविदा और अनियमित कर्मचारी को नियमितीकरण का जल्द मिलेगा तोहफा!