टीआरपी डेस्क। देश के कई प्रमुख शहरों में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा लागू ‘इक्विटी रेगुलेशन 2026’ के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। नए नियमों के तहत सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में SC, ST और OBC के लिए ‘समान अवसर प्रकोष्ठ’ का गठन अनिवार्य किया गया है। पहली बार OBC को जातिगत भेदभाव से संरक्षण प्राप्त समूहों की सूची में शामिल किया गया है, जिस पर जनरल कैटेगरी के छात्रों ने कड़ी आपत्ति जताई है। प्रदर्शनकारियों का तर्क है कि OBC को पहले से ही आरक्षण जैसी सुविधाएं मिल रही हैं, ऐसे में उन्हें भी इस श्रेणी में क्यों रखा गया। UGC की ओर से इस पूरे मामले पर जल्द स्पष्टीकरण जारी किया जाएगा।
बरेली के नगर मजिस्ट्रेट ने दिया इस्तीफा
जब केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से इस आक्रोश पर सवाल किया गया, तो उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए ‘हर-हर महादेव, भारत माता की जय, भगवान विष्णु की जय और हरिहरनाथ की जय’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। कांग्रेस नेता हरीश रावत ने यूसीसी को सनातन धर्म पर हमला करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे इसकी कितनी भी तारीफ करे, लेकिन यह सनातन धर्म के खिलाफ कदम है। भाजपा के पास सकारात्मक एजेंडा नहीं है और उत्तराखंड में पलायन, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसी समस्याओं का उसके पास कोई जवाब नहीं है। बरेली के नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने UGC के नए नियमों और सरकारी नीतियों पर नाराजगी जताते हुए सेवा से इस्तीफा दे दिया।
नेताओं को चूड़िया भेजना शुरू
विरोध का अनोखा रूप उत्तर प्रदेश के रायबरेली में देखने को मिला। भाजपा किसान नेता रमेश सिंह, गौ रक्षा दल के अध्यक्ष महेंद्र पांडे और सामाजिक कार्यकर्ता राहुल मिश्रा के नेतृत्व में उन नेताओं को चूड़ियां भेजने का अभियान शुरू किया गया है, जो UGC एक्ट पर चुप्पी साधे हुए हैं। महेंद्र पांडे ने कहा कि जनता ने जिन्हें विधायक और मंत्री बनाया, वे छात्र हितों पर मौन हैं। ऐसे नेताओं को राजनीति छोड़ घर में गृहणी का काम करना चाहिए और पद उन महिलाओं को सौंप देना चाहिए जो निडर होकर राजनीति कर सकें।
यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ याचिका पर मुख्य न्यायाधीश की बेंच के सामने जल्द सुनवाई की मांग की जाएगी। याचिकाकर्ता के वकील इस पर जोर दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर सोमवार को विरोध प्रदर्शन हुए और मंगलवार को भी प्रोटेस्ट बुलाए गए हैं। दिल्ली में जनरल कैटेगरी के छात्रों ने UGC मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। प्रदर्शनकारी नए नियमों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।



