दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी कार में बैठकर नकली पिस्टल लहराते हुए आम लोगों के बीच दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे। घटना में प्रयुक्त नकली पिस्टल (लाइटर गन) भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

पुलिस की गिरफ्त में आते ही तीनों युवक माफी मांगने लगे। उन्होंने कान पकड़कर उठक–बैठक की और कहा कि उन्होंने असली हथियार नहीं बल्कि लाइटर गन दिखाई थी। साथ ही भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने की बात कही।

वायरल वीडियो से हुआ खुलासा

इंस्टाग्राम पर वायरल हुए वीडियो में आरोपी वाहन के भीतर बैठकर नकली पिस्टल लहराते नजर आ रहे थे। वीडियो और फोटो के जरिए आम लोगों में भय पैदा करने का प्रयास किया गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने सार्वजनिक स्थान पर वाहन से उतरकर लोगों को डराने की कोशिश की और उसी दौरान वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया। पुलिस के अनुसार इस तरह की हरकत कानून के दायरे में अपराध की श्रेणी में आती है और इससे आमजन में असुरक्षा की भावना पैदा होती है।

See also  अंतर्राज्यीय ठग दंपत्ति को पुलिस ने किया गिरफ्तार, पहचान लीजिये इन शातिर चेहरों को, कभी आप भी आ सकते हैं इनके झांसे में…

गिरफ्तार आरोपी

  1. जयदीप कांडा, 36 वर्ष, निवासी संतरा बाड़ी, तरुण टॉकीज के पास, थाना मोहन नगर, दुर्ग
  2. गगनप्रीत सिंह, 37 वर्ष, निवासी सुमित बाजार के पास वाली गली, पोलसाय पारा, थाना मोहन नगर, दुर्ग
  3. पवनदीप सिंह, 32 वर्ष, निवासी गुरु नानक नगर, चीखली, दुर्ग

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि सुमित बाजार के पास स्टेशन रोड क्षेत्र (थाना मोहन नगर) में उन्होंने यह कृत्य किया था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई नकली पिस्टल को जब्त कर लिया है। तीनों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर उनके विरुद्ध धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

दुर्ग पुलिस ने की ये अपील

जिले की पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर असली या नकली हथियार का प्रदर्शन कर दहशत फैलाना दंडनीय अपराध है। ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

See also  CG News: पत्थलगांव में लगा मेला: 36 किलो के कटहल ने सभी को चौंकाया, कलेक्टर बोले- यह चमत्कारिक फल