बीजापुर। बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जवानों को बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर जिले में 13 फरवरी को सुरक्षा बलों ने थाना मोदकपाल और थाना उसूर के इलाकों में बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के 6 स्मारकों को ध्वस्त कर दिया। वहीं, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार संबंधी उपकरण और अन्य सामग्री भी बरामद की है।
अभियान के दौरान लगाया चलित थाना
अभियान के दौरान पुलिस–जन संवाद को सुदृढ़ करने एवं ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु मौके पर चलित थाना भी लगाया गया। इसमें ग्रामीणों की शिकायतें और मांगें सुनी गईं और तत्काल समाधान के प्रयास किए गए। साथ ही साइबर जागरूकता अभियान के तहत ग्रामीणों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
बड़ी मात्रा में नक्सल सामाग्री बरामद
कार्रवाई की इसी कड़ी में उसूर थाना क्षेत्र के ताड़पाला हिल्स एरिया में CRPF 196 और कोबरा 204 की संयुक्त टीम ने भी नक्सल अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा जमीन के भीतर प्लास्टिक ड्रम एवं पॉलिथिन में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री, राशन एवं अन्य नक्सल सामग्री बरामद की गई।
बरामद सामग्री में 13 नग डेटोनेटर, 11 किलोग्राम गन पाउडर, 4 प्लास्टिक ड्रम, 2 स्टील ड्रम, 2 लोहे के ड्रम, माओवादी वर्दी, जूते, कैप, डोरी, यूएसबी केबल, सोलर प्लेट एवं माओवादी साहित्य शामिल हैं।
आईईडी किए गए निष्क्रिय
एरिया डॉमिनेशन एवं डिमाइनिंग की कार्यवाही के दौरान सुरक्षा बलों ने जमीन में प्रेशर स्विच सिस्टम से लगाए गए 13 बीयर बॉटल आईईडी तथा लोहे के पाइप में निर्मित 1 डायरेक्शनल आईईडी भी बरामद किए। सभी आईईडी को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया गया। अभियान के दौरान टेकमेटला कुंजामपारा क्षेत्र में निर्मित एक अन्य माओवादी स्मारक को भी ध्वस्त किया गया।



