जगदलपुर के शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में बनेगा आधुनिक नालंदा परिसर , मंत्री केदार कश्यप ने किया 'नालंदा परिसर' का भूमिपूजन

टीआरपी। बस्तर के युवाओं के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने आज शहीद महेन्द्र कर्मा विश्वविद्यालय परिसर में 11 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ‘नालंदा परिसर’ का विधिवत भूमिपूजन किया।

बस्तर के दूर-दराज के छात्रों को अब सिविल सर्विसेज, नीट (NEET), और जेईई (JEE) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। यह परिसर 24×7 खुला रहेगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को पढ़ाई के लिए शांत और संसाधन संपन्न वातावरण मिलेगा।

स्मार्ट लर्निंग और इंटरनेशनल ई-बुक्स की सुविधा


भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के 14 नगर निगम क्षेत्रों में ऐसे आधुनिक परिसर बना रही है। जगदलपुर का यह नालंदा परिसर स्मार्ट लाइब्रेरी और स्टडी जोन से लैस होगा। यहाँ न केवल हजारों भौतिक किताबें होंगी, बल्कि छात्रों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की ई-बुक्स एक्सेस करने की सुविधा भी मिलेगी।

See also  अंधाधुंध फायरिंग से एक युवक घायल, आखिर क्यों CISF को क्यों चलानी पड़ी गोली?

स्थानीय विधायक किरण देव ने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट बताते हुए कहा कि प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय की तर्ज पर इसे विकसित किया जा रहा है, ताकि बस्तर की आने वाली पीढ़ी भारत की नींव को मजबूत कर सके।

कैसा होगा नालंदा परिसर?


यह परिसर धरमपुरा क्षेत्र में स्थित विश्वविद्यालय कैंपस में बनाया जा रहा है। यहाँ छात्रों के लिए उच्च स्तरीय बुनियादी ढांचा तैयार किया जाएगा, जिसमें पढ़ाई के साथ-साथ उनके मानसिक विकास का भी ध्यान रखा गया है।

बैठक क्षमता: एक साथ 500 छात्र बैठकर पढ़ सकेंगे।

डिजिटल कनेक्टिविटी: पूरे परिसर में हाई-स्पीड वाईफाई और इंटरनेट की सुविधा।

अतिरिक्त सुविधाएं: पार्किंग, सुंदर गार्डन और सुरक्षित कैंपस।

उपलब्धता: साल के 365 दिन और 24 घंटे पढ़ने की आजादी।


विधायक किरण देव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए ताकि अगले सत्र तक छात्र इसका लाभ उठा सकें।

See also  मंगल और बुध की युति से चमकेगी इन राशि वालों की किस्मत