टीआरपी डेस्क। औद्योगिक नगरी नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सोमवार को उस वक्त कोहराम मच गया, जब हजारों श्रमिक वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया और उपद्रवियों ने 500 से ज्यादा फैक्ट्रियों पर पथराव कर भारी तोड़फोड़ की। इस बवाल के बाद प्रशासन ने आनन-फानन में श्रमिकों की मजदूरी में 21 प्रतिशत की बढ़ोतरी का एलान किया है।

9 घंटे तक थमी रही शहर की रफ्तार

दरअसल, सोमवार सुबह 8 बजे से ही श्रमिक डंडे और पत्थर लेकर सड़कों पर जमा होने लगे थे। शाम 5 बजे तक चले इस उपद्रव के कारण नोएडा पूरी तरह ‘बंधक’ बना रहा। एनएच-9 और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर घंटों जाम लगा रहा, जिससे ऑफिस जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

कहां-कहां हुई तोड़फोड़ और आगजनी?

ग्राउंड सूत्रों के अनुसार, उपद्रवियों ने फेज-1, फेज-2 और फेज-3 औद्योगिक क्षेत्रों को निशाना बनाया।

  • मदरसन ग्रुप और लावा: फेज-2 में मदरसन ग्रुप, इक्का इलेक्ट्रानिक्स और लावा मोबाइल की यूनिट्स पर जमकर पथराव हुआ।
  • गाड़ियों में लगाई आग: सेक्टर-63 स्थित विपुल मोटर्स में घुसकर 35 गाड़ियां तोड़ दी गईं और 6 वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया।
  • पुलिस पर हमला: प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ियों को पलट दिया और लैपर्ड बाइक सहित 20 से ज्यादा वाहनों को फूंक दिया।
See also  अब 1 जनवरी से कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाने वालों पर होगी कार्रवाई... बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, मॉल्स और होटल में होगी नो एंट्री

10 पुलिसकर्मी घायल, 300 लोग हिरासत में

बता दें कि इस हिंसा में 10 पुलिसकर्मियों समेत करीब 30 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि अब तक 300 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है और 7 एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अब वॉट्सएप ग्रुप्स और वीडियो फुटेज के जरिए अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है।

क्यों भड़की हिंसा की आग?

गौरतलब है कि बीते शनिवार को इकोटेक-3 इलाके में मिंडा फैक्ट्री के बाहर प्रदर्शन के दौरान एक महिला श्रमिक को गोली लग गई थी। तभी से कामगार लामबंद हो रहे थे। उद्यमियों का आरोप है कि प्रशासन श्रमिकों की चेतावनी को भांपने में नाकाम रहा। हालांकि, अब नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन ने मंगलवार को सभी फैक्ट्रियां बंद रखने का निर्णय लिया है।

श्रमिकों की ये मांगें मान ली गईं:

प्रशासन और उद्यमियों के बीच हुई बैठक के बाद इन प्रमुख बिंदुओं पर सहमति बनी है

  • वेतन में 21% की एकमुश्त बढ़ोतरी का एलान।
  • ओवरटाइम पर अब दोगुना भुगतान मिलेगा।
  • हर महीने की 10 तारीख तक सैलरी खाते में आएगी।
  • सप्ताह में एक दिन अनिवार्य अवकाश और नवंबर तक बोनस भुगतान।
See also  सुरक्षा में चूक-युवक की मौत-जिम्मेदार कौन? सिंघानिया बिल्डकॉन के हर्षित लैंड मार्क सिटी प्रोजेक्ट में 4 मंजिला ईमारत से गिरकर जान गंवा बैठा युसूफ