टीआरपी डेस्क। पिछले एक सप्ताह के दौरान सोना और चांदी की कीमतों में बड़ी बढ़त देखने को मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर दोनों कीमती धातुओं के भाव बढ़ गए हैं। बीते हफ्ते जहां 24 कैरेट सोना करीब 1200 रुपये महंगा हुआ, वहीं चांदी की कीमतों में 11000 रुपये प्रति किलो से ज्यादा की तेजी आई है। इस उछाल के बाद भी सोना और चांदी अपने हाई लेवल से अब भी काफी कम कीमत पर मिल रहे हैं।

सोने की कीमतों पर नजर डालें तो एमसीएक्स पर जून एक्सपायरी वाला सोना 1 मई को 1,51,352 रुपये पर था, जो शुक्रवार तक बढ़कर 1,52,589 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इस तरह सोने के दाम में 1237 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, जनवरी में सोने ने 2,02,984 रुपये का अपना सबसे ऊंचा स्तर छुआ था। उस हिसाब से देखें तो सोना अभी भी अपने हाई लेवल से 50,395 रुपये सस्ता बिक रहा है।

See also  पूर्व मंत्री और माइनिंग बिजनेसमैन जर्नादन रेड्डी ने नई पार्टी बनाने का किया एलान, BJP के साथ तोड़ा रिश्ता

चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी

चांदी की कीमतों में इस हफ्ते जबरदस्त तेजी दर्ज की गई है। महज पांच दिनों के भीतर चांदी 11,062 रुपये प्रति किलो महंगी हो गई। जुलाई एक्सपायरी वाली चांदी का भाव 2,50,937 रुपये से बढ़कर 2,61,999 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ। चांदी ने जनवरी में 4,57,328 रुपये का रिकॉर्ड स्तर बनाया था, जिससे तुलना करें तो यह अभी भी 1,95,329 रुपये सस्ती मिल रही है।

घरेलू बाजार में कीमतों में भी बदलाव

घरेलू बाजार में भी कीमतों में बदलाव हुआ है। इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार, 24 कैरेट सोने का भाव 1,50,263 रुपये से बढ़कर 1,51,078 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। वहीं, चांदी की घरेलू कीमत 2,40,331 रुपये से उछलकर 2,55,600 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है। निवेशकों और खरीदारों के लिए यह सप्ताह काफी हलचल भरा रहा है।