शमशाबाद/हैदराबाद। हैदराबाद का राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (RGIA) इस समय बम की लगातार मिल रही धमकियों से दहल उठा है। रविवार तड़के एम्सटर्डम से आ रहे एक अंतरराष्ट्रीय विमान में बम होने की खबर से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। पिछले तीन दिनों के भीतर हैदराबाद एयरपोर्ट को निशाना बनाकर भेजी गई यह तीसरी बड़ी धमकी है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। पूरे एयरपोर्ट परिसर को हाई अलर्ट पर रख दिया गया है।

कस्टमर केयर पर आया ईमेल, लिखा- रास्ते में ही उड़ जाएगा विमान

आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार तड़के एयरपोर्ट के कस्टमर केयर विभाग को एक अज्ञात शख्स का ईमेल मिला। इस ईमेल में दावा किया गया था कि कुआलालंपुर एयरवेज की एक फ्लाइट, जो एम्सटर्डम से उड़ान भरकर हैदराबाद आ रही है, उसमें एक टाइम बम छिपाकर रखा गया है। ईमेल भेजने वाले ने यह खौफनाक चेतावनी भी दी कि यह विस्फोट विमान के हैदराबाद पहुंचने से काफी पहले ही हवा में हो जाएगा।

See also  Breaking: NSA अजीत डोभाल पर हमले का पाकिस्तानी प्लान,जैश के आतंकी हिदायत-उल्लाह मलिक ने उगला राज

आइसोलेशन बे में विमान की सघन तलाशी, यात्री सुरक्षित

इस धमकी भरे ईमेल के बाद भी राहत की बात यह रही कि पायलट की सूझबूझ से विमान ने हैदराबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। जैसे ही विमान रनवे पर उतरा, सुरक्षा बलों ने उसे तुरंत घेर लिया और मुख्य टर्मिनल से दूर आइसोलेशन बे (सुरक्षित स्थान) में ले गए। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। इसके बाद बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) और सुरक्षा बलों ने खोजी कुत्तों की मदद से पूरे विमान और यात्रियों के सामान की सघन तलाशी शुरू की।

3 दिन में 3 धमकियां, सुरक्षा एजेंसियां हैरान

हैदराबाद एयरपोर्ट के लिए यह लगातार तीसरा डराने वाला मामला है। इससे पहले शनिवार को भी एक ईमेल के जरिए मलेशिया से आ रहे एयरएशिया के विमान को उड़ाने की धमकी दी गई थी। वहीं, इस सिलसिले की शुरुआत शुक्रवार को हुई थी, जब जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से आ रहे लुफ्थांसा के विमान में बम होने का दावा किया गया था। लगातार मिल रही इन धमकियों के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा को अभेद्य किला बना दिया गया है। हर यात्री की गहन स्क्रीनिंग की जा रही है।

See also  TRP Special 'नमस्ते कोरोना' : अब दुनिया को 'कोरोना' सिखा रहे 'नमस्ते' करना, वैश्विक नेता अपना रहे भारतीय संस्कृति, इस तरह कर रहे हैं अभिवादन

फिलहाल, साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां इन तीनों ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रेस करने और इसके पीछे छिपे शरारती तत्वों का पता लगाने में जुटी हैं।