टीआरपी डेस्क: छत्तीसगढ़ में गर्मी अब जानलेवा होने लगी है। सूरज के तेवर इतने तल्ख हैं कि दोपहर में सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में कोई बड़ी राहत नहीं मिली है। मौसम विभाग (IMD Warning) ने साफ कर दिया है कि अगले 5 दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू (Heatwave) का कहर जारी रहेगा। इसके बाद ही लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

राजनांदगांव बना सबसे गर्म शहर, टूट रहे हैं रिकॉर्ड

शनिवार को प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और कुछ इलाकों में लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। इस सीजन में पहली बार राजनांदगांव में पारा 46 डिग्री सेल्सियस (Maximum Temperature) रिकॉर्ड किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा था। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 22.6 डिग्री दर्ज हुआ। रातें भले ही थोड़ी ठंडी हों, लेकिन दिन आते ही सूरज आग उगलने लगता है।

See also  निर्भया के इस दोषी ने जेल के टॉयलेट में फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की, सुरक्षाकर्मियों ने बचाया

इन 18 जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी

मौसम केंद्र रायपुर ने प्रदेश के 18 जिलों में लू को लेकर चेतावनी जारी की है। इनमें बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, रायगढ़, मुंगेली, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बालोद और खैरागढ़-छुईखदान-गंड़ाई शामिल हैं। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को दोपहर के वक्त खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बड़े शहरों का तापमान (City Wise Temperature):

  • राजनांदगांव: 46.0°C
  • बिलासपुर: 44.5°C
  • रायपुर: 44.3°C
  • जगदलपुर: 43.1°C
  • अंबिकापुर: 41.7°C
  • पेंड्रा: 41.6°C

क्यों आ रही है इतनी गर्मी? मौसम वैज्ञानिक से जानें

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के अनुसार, इस समय दक्षिण बिहार के ऊपर हवा का एक चक्रवाती घेरा बना हुआ है। साथ ही, दक्षिण-पश्चिम बिहार से लेकर छत्तीसगढ़ होते हुए तटीय आंध्र प्रदेश तक एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका (Trough Line) गुजर रही है। इस सिस्टम के कारण उत्तर-पश्चिम दिशा से लगातार गर्म और शुष्क हवाएं छत्तीसगढ़ आ रही हैं। इसी वजह से तापमान लगातार बढ़ रहा है और लू जैसे हालात बने हुए हैं।

See also  छठ पर्व पर अस्तगामी सूर्य को अर्घ्य देने नदी-तालाबों के किनारे उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

राजधानी रायपुर का हाल: दिन और रात दोनों में सताएगी गर्मी

राजधानी रायपुर में आज रविवार को भी आसमान बिल्कुल साफ रहेगा। धूप इतनी तेज होगी कि सुबह 11 बजे से ही लू का अहसास होने लगेगा। मौसम विभाग के मुताबिक आज रायपुर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। यानी कूलर और एसी भी इस तपिश के आगे फेल नजर आएंगे।