Chhattisgarh News: कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के 9वें दिन नेताओं ने पारंपरिक बैठकों से अलग हटकर गांव में जनसंपर्क का अनोखा तरीका अपनाया। राष्ट्रीय महासचिव सचिन राव समेत 40 नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष लखना ग्राम के मनरेगा (MGNREGA) कार्यस्थल पहुंचे और मजदूरों के साथ करीब तीन घंटे तक श्रमदान किया।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मजदूरों के साथ जमीन पर बैठकर बातचीत की और उनकी समस्याओं को करीब से समझने की कोशिश की। श्रमिकों ने रोजगार, मजदूरी और स्थानीय स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े अपने अनुभव और परेशानियां साझा कीं। नेताओं ने भी योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए श्रमिकों से विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम के बाद सभी नेताओं ने मनरेगा मजदूरों के साथ सामूहिक भोजन किया। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों जैसे अंगाकर रोटी, खपुरी रोटी, चीला-भाजी और चटनी का स्वाद भी लिया।

कांग्रेस के जिला अध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 29 जून को समाप्त होगा। समापन सत्र में कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा शामिल होंगे। इससे पहले शिविर के 8वें दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिला अध्यक्षों को संगठन संचालन, चुनावी रणनीति और राजनीतिक प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया था।

See also  CG विभागीय परीक्षा का टाइम टेबल जारी, 3 से 10 मार्च तक होगी परीक्षा