नेशनल डेस्क। 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के रिजल्ट के बाद से ही राजनीतिक दल लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों में जुट गई है। एक ओर जहां कांग्रेस भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकालने जा रही है तो दूसरी ओर बीजेपी हाईकमान भी चुनावों को लेकर रणनीति बना चुका है। बीजेपी ‘अबकी बार 400 पार, तीसरी बार मोदी सरकार’ के नारे के साथ लोकसभा चुनाव के रण में उतरने वाली है।

वहीं इलेक्शन कमीशन भी जल्द ही लोकसभा की तारीखों का ऐलान कर सकता है। दरअसल, निर्वाचन आयोग (ईसी) अगले सप्ताह आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के दौरे के साथ लोकसभा चुनाव के लिए राज्यों की तैयारियों की समीक्षा शुरू करेगा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में आयोग के अधिकारी 7 से 10 जनवरी के बीच आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में रहेंगे।

जमीनी हालात का जायजा लेगी टीम

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के साथ निर्वाचन आयुक्त- अनूप चंद्र पांडे और अरुण गोयल भी होंगे। यात्रा से पहले उप निर्वाचन आयुक्त छह जनवरी को दोनों राज्यों में तैयारियों के बारे में आयोग को जानकारी देंगे। लोकसभा चुनाव की तैयारियों की निगरानी के लिए उप निर्वाचन आयुक्तों ने लगभग सभी राज्यों का दौरा किया है। निर्वाचन आयोग के लिए विधानसभा या लोकसभा चुनावों से पहले राजनीतिक दलों, वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों और इसकी जमीनी चुनाव मशीनरी से मिलने के लिए राज्यों का दौरा करना आम बात है।

See also  National Assembly Election : इस साल देश के 5 राज्यों में होने वाले चुनाव के तारीखों का EC आज कर सकता है ऐलान!