रायपुर। बीजेपी के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा विष्‍णुदेव साय सरकार की पहली वर्षगांठ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर पहुंचे। उन्होंने साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित सभा में राज्‍य सरकार की सराहना करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। नड्डा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता को राज्य में भूपेश बघेल और दिल्ली में राहुल गांधी से सावधान रहने की जरूरत है। कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी, अपराधीकरण, तुष्टीकरण, वोट बैंक की राजनीति और “फूट डालो, राज करो” की नीति पर आधारित थी।

छत्‍तीसगढ़ में मुख्‍यमंत्री विष्‍णुदेव साय के नेतृत्‍व वाली भाजपा सरकार ने आज एक वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया है। राज्‍य सरकार इसे जनादेश परब के रुप में मना रही है। इस मौके पर राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में आज भव्‍य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा भी शामिल हुए।

इस मौके पर विधानसभा स्‍पीकर के साथ ही प्रदेश सरकार के सभी मंत्री, भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, प्रदेश अध्‍यक्ष किरणदेव के साथ सभी मंत्री और संगठन के नेता मौजूद थे। जनसभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि मै माता कौशल्या के जन्मस्थान और भगवान राम के ननिहाल आया हूं। 13 दिसंबर को साय सरकार का गठन हुआ था, आज हम सरकार की उपलब्धियों को लेकर आपके बीच है। उन्‍होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हम सत्ता का उपयोग करके जनता की सेवा करते है। कांग्रेस पार्टी सत्ता का उपभोग करती है, यही अंतर दोनों पार्टियों में है।

See also  अंतर्राष्ट्रीय युवा शिविर में शामिल CM बघेल ने युवाओं को ग्राम सुराज के लिए किया प्रेरित

जेपी नड्डा ने कहा कि हमारी सरकार ने महतारी वंदन योजना से एक- एक हजार देने की बात कही थी। जिसे हमने सरकार में आते ही पूरा किया। नड्डा ने कहा कि आपने जिसे सत्ता में बिठाया है, उसके रहने और नहीं रहने से क्या फायदा होगा इसका भी मूल्यांकन करना चाहिए। बीजेपी सिर्फ विकास की राजनीति करती है। बीजेपी लोगों की सेवा के लिए बनी है। कांग्रेस पार्टी लोगों का हक छीनकर मेवा खाने का काम करती है। कांग्रेस पार्टी को आराम दो, यहां बैठे लोगों को काम दो। जो काम कर रहे हैं, उनको मौका दो। कांग्रेस का खोटा सिक्का नहीं चलेगा। कांग्रेस के लोग कहते थे महतारी वंदन योजना बंद हो जाएगी। योजना तो बंद नहीं होगी, लेकिन कांग्रेस का भविष्य बंद हो जाएगा।

जेपी नड्डा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार ने नक्सलवाद पर नकेल कसा है। गरीबों के लिए घर बन रहे हैं, युवाओं को नौकरी मिल रही है, रेलवे का बजट नौ गुना बढ़ा है, 5 नए मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। IIT भिलाई परिसर का उद्घाटन हुआ है और राजनंदगांव में देश की सबसे बड़ी बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली बनाई जा रही है।

See also  भाजपा को गोडसे और सावरकर पर घिरता देख टीम बी कर रही बचाव- कांग्रेस

विष्णु ने कहा – छत्तीसगढ़ को बना दिया था भ्रष्टाचार का गढ़

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज हमारे छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य की बात है, कि एक साल पूरा हुआ है उसको जनादेश परब के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि साइंस कॉलेज के इसी मैदान में जुलाई 2023 में प्रधानमंत्री मोदी ने पहुंचकर चुनावी शंखनाद किया था। जिस तरह का उत्साह था, उसी दिन पता चल गया था कि कांग्रेस की सरकार को जनता उखाड़ फेंकेगी। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर जनता का आभार जताया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जिस दिन छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत कार्ड की लॉन्चिंग बीजापुर से हुई, उस समय जेपी नड्डा ही स्वास्थ्य मंत्री थे। उन्होंने कहा कि 1 साल में जो मोदी की गारंटी को पूरा किए हैं उसका रिपोर्ट कार्ड आपके सामने रखने जा रहा हूं।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने कई वादे करने के बात एक भी वादा पूरा नहीं किया। छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया और देश में छत्तीसगढ़ की छवि को खराब किया। गरीब का हक छीनने का काम कांग्रेस पार्टी की सरकार ने किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी मैदान से मोदी जी ने नारा दिया था, अब नई साहिबों बदल के रहीबो। बस्तर और सरगुजा के आदिवासी क्षेत्र में विकास पर सरकार फोकस कर रही है। पीएससी घोटाले की जांच सीबीआई कर रही है,उसके दोषियों का जेल जाना शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले 5 साल में ढाई लाख करोड़ का निवेश होगा, जिससे 5 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।

See also  Bharatmala compensation scam : ईडी को छापों में 40 लाख रूपये नकद, डिजिटल डिवाइस और कई तरह के आपत्तिजनक डॉक्यूमेंट भी मिले