रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन की कार्यवाही शुरू हो गई हैं। इससे पहले कार्य मंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के अध्यक्षता हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप और नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत मौजूद रहे। इसके अलावा कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी बैठक में मौजूद रहे।

पूर्व राज्यपाल शेखर दत्त को दी गई श्रद्धांजलि
मानसून सत्र के पहले दिन की कार्यवाही शुरू होने के पश्चात सबसे पहले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह समेत सभी विधायकों ने प्रदेश के पूर्व राज्यपाल शेखर दत्त और अविभाजित मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह को श्रद्धांजलि दी।

कांग्रेस ने सरकार को घेरने की बनाई रणनीति
कांग्रेस ने सदन में सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस ने साफ कहा है कि वो खाद, बीज और बिजली को लेकर सड़क से सदन तक की लड़ाई जनता के लिए लड़ेगी।

See also  चुनाव है सिर पर... रामकुमार यादव का ये वायरल वीडियो बन सकता है मुसीबत

इससे पहलेरविवार को कांग्रेस विधायक दल की एक बैठक भी हुई। बैठक के बाद कांग्रेस ने कहा कि, उनके पास सरकार को घेरने के लिए मुद्दों की कोई कमी नहीं है। कांग्रेस ने कहा कि वो सरकार की नाकामियों को सदन में गिनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

विपक्ष के सवालों का करारा जवाब देंगे- BJP
वहीं सत्ता पक्ष ने भी अपने विधायकों के साथ बैठक की। बैठक में विपक्ष के हमलों का तीखा जवाब देने की रणनीति बनाई गई। बीजेपी विधायक दल की ओर से कहा गया कि हमने डेढ़ साल में जो काम किए हैं वो हमारी उपलब्धियों को गिनाने के लिए काफी हैं। विपक्ष के हमलों का हम करारा जवाब देंगे।