जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम तिरसोंठ स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक चैतराम यादव को उनके गैरजिम्मेदाराना और अनुशासनहीन रवैये की कीमत चुकानी पड़ी। लगातार मिल रही शिकायतों और ग्रामीणों की नाराजगी के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
कलेक्टर रोहित व्यास जब हाल ही में ग्राम तिरसोंठ के दौरे पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने मौके पर ही प्रधान पाठक यादव के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाए। बिना किसी हिचकिचाहट के ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षक न केवल विद्यालय से लगातार अनुपस्थित रहते हैं, बल्कि शराब पीकर स्कूल आने जैसी शर्मनाक हरकतें भी करते हैं। कलेक्टर ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच में पाया गया कि चैतराम यादव 16 जून से 23 जून तथा 5 जुलाई से 8 जुलाई 2025 तक बिना किसी पूर्व सूचना के गायब रहे। यही नहीं, 8 जुलाई को शैक्षिक समन्वयक रघुनाथपुर, ग्राम पंचायत के सरपंच और शाला विकास समिति अध्यक्ष द्वारा किए गए पंचनामा में स्पष्ट उल्लेख है कि यादव शराब पीकर विद्यालय पहुंचे थे।
यह आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 03 का स्पष्ट उल्लंघन है। शराब सेवन कर विद्यालय में उपस्थित होना, शासकीय कर्मचारी के दायित्वों और गरिमा के पूरी तरह खिलाफ है। इसे कदाचार मानते हुए संबंधित विभाग ने तुरंत निलंबन आदेश जारी कर दिया।


