टीआरपी डेस्क। AJAB -GAJAB : मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। डबरा कस्बे के एक कुत्ते का आधार कार्ड वायरल हो रहा है, जिसमें कुत्ते का नाम टॉमी जायसवाल दर्ज है। यही नहीं, कार्ड में एक इंसान की तरह कुत्ते की फोटो, आधार नंबर, और उसके पालनकर्ता के रूप में कैलाश जायसवाल का नाम और पता भी लिखा गया है।


सोशल मीडिया पर यह आधार कार्ड तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरानी के साथ-साथ हंसी भी रोक नहीं पा रहे हैं। हालांकि मामला अब मज़ाक से आगे बढ़ चुका है। ग्वालियर कलेक्टर ने इस फर्जीवाड़े को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि यह कार्ड किसने बनाया, किस उद्देश्य से इसे वायरल किया गया, और इसमें किन तकनीकी तरीकों का इस्तेमाल हुआ। प्रशासन फिलहाल यह भी जांच कर रहा है कि क्या यह कोई एडिटेड दस्तावेज़ है या फिर वाकई में किसी प्रकार से आधार कार्ड बनवाया गया है। (Dog Aadhar Card)


