टीआरपी। 108 Sanjeevani Express : महिला को प्रसव पीड़ा होने पर जब उसे संजीवनी एक्सप्रेस से अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में ही गर्भवती ने बच्ची को जन्म दिया। आनन-फानन में संजीवनी एक्सप्रेस को रोककर महिला का प्रसव कराया गया। मां और बच्चा दोनों स्वस्थ होने से परिजनों ने राहत की सांस ली और एक्सप्रेस चालक का आभार जताया।

मानवता और सेवा भावना की मिसाल

बेमेतरा जिले में 108 संजीवनी एक्सप्रेस टीम की तत्परता और सूझबूझ ने एक बार फिर मानवता और सेवा भावना की मिसाल पेश की है। बेरला विकासखंड के ग्राम ढाबा निवासी गर्भवती महिला हेमवती निषाद (26 वर्ष) को अचानक तेज प्रसव पीड़ा हुई। परिजनों ने रात लगभग 10.30 बजे 108 संजीवनी एक्सप्रेस को कॉल किया। सूचना मिलते ही पायलट भूपेन्द्र कुर्रे और ईएमटी रामगोपाल देवांगन तत्काल एम्बुलेंस लेकर गांव ढाबा पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए गर्भवती महिला को सावधानीपूर्वक एम्बुलेंस में बिठाकर पीएचसी गुधेली की ओर रवाना किया गया।

See also  CG News : 1 IAS सहित 3 को मिला अतिरिक्त कार्यभार, देखें जारी आदेश


परिजनों में छाई खुशी


रास्ते में कुछ ही दूरी तय करने के बाद हेमवती की प्रसव पीड़ा असहनीय रूप से बढ़ गई। स्थिति को भांपते हुए ईएमटी रामगोपाल देवांगन ने तत्काल ईआरसीपी के माध्यम से ड्यूटी डॉक्टर से संपर्क कर पूरी स्थिति से अवगत कराया। डॉक्टर की सलाह और परिजनों की सहमति से एम्बुलेंस को सुरक्षित स्थान पर रोका गया और प्रसव प्रक्रिया प्रारंभ की गई। ईएमटी रामगोपाल ने सफलतापूर्वक प्रसव कराया। कुछ ही क्षणों बाद एम्बुलेंस में नवजात बच्ची की किलकारी गूंज उठी, जिससे खुशी की लहर दौड़ गई। प्रसव के पश्चात मां और बेटी दोनों को सुरक्षित रूप से पीएचसी गुधेली में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की स्थिति स्वस्थ है।