टीआरपी डेस्क। Air Show Rehearsal : छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 के अंतिम दिन यानी 5 नवंबर को नवा रायपुर का आसमान रोमांच और देशभक्ति से गूंजने वाला है। इस दिन भारतीय वायुसेना की ‘सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम’ शानदार एयर शो का प्रदर्शन करेगी, जो राज्योत्सव के समापन समारोह का सबसे भव्य आकर्षण होगा।
कार्यक्रम से पहले 4 नवंबर को सुबह 10 बजे रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल में 9 हॉक फाइटर जेट्स ने लगभग 40 मिनट तक आसमान में करतब दिखाए। इन जेट्स ने बॉम्ब बर्स्ट, एरोहेड, लूप और हार्ट-इन-द-स्काई जैसी फॉर्मेशन बनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लाल, सफेद और हरे रंग के धुएं से सजे जेट्स ने आसमान में तिरंगे की झलक पेश की।
सेंध जलाशय के आसपास लगभग 1 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है, ताकि सभी लोग इस अद्भुत नजारे का आनंद ले सकें। रिहर्सल के दौरान ही हजारों लोग पहुंचे और वायुसेना के शौर्य को देखने के लिए उत्साहित नजर आए।
— The Rural Press (@theruralpress) November 4, 2025
Air Show Rehearsal : एयर शो का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय वायुसेना की आकाशगंगा पैराट्रूपर टीम का प्रदर्शन होगा। रिहर्सल में इस टीम ने भी अपने रोमांचक करतब दिखाए। जांबाज कमांडो 10,000 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाते हुए नीचे उतरे और निर्धारित ऊंचाई पर पैराशूट खोलकर सुरक्षित लैंडिंग की। यह फ्री-फॉल जंप तकनीक विश्व की प्रमुख स्पेशल फोर्सेस द्वारा भी इस्तेमाल की जाती है। यह एयर शो और पैराट्रूपर प्रदर्शन न केवल मनोरंजन का अवसर है, बल्कि युवाओं में देशभक्ति और साहस की भावना भी जागृत करेगा।



