टीआरपी। homestay facilities for tourists : जशपुर जिले में चल रहे जशपुर जम्बुरी आयोजन के दौरान पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, परंपरा और आतिथ्य का सजीव अनुभव देने के लिए जिला प्रशासन की ओर से ग्राम केरे में 8 आधुनिक होम स्टे की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इन होम स्टे में पर्यटक न केवल ठहरने का आनंद ले रहे हैं, बल्कि जशपुर की पारंपरिक जीवनशैली, खानपान और लोकसंस्कृति को भी करीब से महसूस कर रहे हैं।
पर्यटकों को होटल जैसी सुविधा
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन द्वारा इस तरह के अभिनव प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे जिले की प्राकृतिक सुंदरता, पारंपरिक कला-संस्कृति और आतिथ्य को देशभर के पर्यटकों तक पहुँचाया जा सके। इन होम स्टे में सभी आवश्यक सुविधाएं जैसे स्वच्छ कमरे, भोजन, नाश्ता और स्थानीय गाइड की व्यवस्था उपलब्ध है। इससे जशपुर आने वाले पर्यटकों को होटल जैसी सुविधा के साथ ग्रामीण परिवेश का सजीव अनुभव मिल रहा है।
“होम स्टे” पर्यटन की वह अवधारणा है, जिसमें पर्यटक स्थानीय परिवार के साथ रहकर उनकी संस्कृति, परंपराओं और भोजन का अनुभव कर सकते हैं। यह पहल न केवल स्थानीय लोगों की आमदनी बढ़ाने में सहायक है, बल्कि ग्रामीण पर्यटन को भी नई पहचान दे रही र्है। पर्यटकों का कहना है कि होम स्टे का वातावरण अत्यंत शांत और आत्मीय है, भोजन स्वादिष्ट है और स्थानीय लोगों का व्यवहार अतिथि देवो भव की भावना को साकार करता है।


