स्पोर्ट्स डेस्क। IND vs SA 1st Test : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम 189 रन ऑलआउट हो गई। इस तरह मेहमान टीम पर 30 रनों की मामूली बढ़त मिली। इस इनिंग में भारतीय टीम के 9 विकेट गिरे, फिर भी टीम की पारी समाप्त हो गई। जो दर्शक मैच नहीं देख रहे थे और स्कोर कार्ड देखकर सोच में पड़ गए है, उन्हें हम बताने वाले है कि आखिर ये कैसे हुआ ?
दरअसल भारतीय कप्तान शुभमन गिल बल्लेबाजी करते हुए चोटिल हो गए थे जिस कारण वह रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटे। इसके बाद वह बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सके जिस कारण नौ विकेट गिरने के बाद भारत की पहली पारी समाप्त हो गई। दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 159 रन बनाए थे।
भारत के लिए केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 39 रन बनाए, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने 29 रनों की पारी खेली। राहुल और वाशिंगटन के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हुई। भारत की ओर से ऋषभ पंत ने 27, रवींद्र जडेजा ने 27, अक्षर पटेल ने 14, ध्रुव जुरेल ने 14, यशस्वी जायसवाल ने 12, कुलदीप यादव ने 1, मोहम्मद सिराज ने 1 और जसप्रीत बुमराह ने नाबाद 1 रन बनाए। वहीं, गिल चार रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए थे।
दक्षिण अफ्रीका के लिए सिमोन हार्मर ने चार विकेट झटके, जबकि मार्को यानसेन को तीन सफलता मिली। केशव महाराज और कॉर्बिन बॉश ने एक-एक विकेट लिया। वहीं दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत काफी खराब रही। खबर लिखे जाने तक अफ्रीका का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 25 रन है।



