टीआरपी डेस्क। जैश-ए-मोहम्मद के संभावित मॉड्यूल की जांच के तहत जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीमों ने अनंतनाग में कार्रवाई करते हुए हरियाणा की एक महिला डॉक्टर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हिरासत में ली गई डॉक्टर की पहचान हरियाणा के रोहतक की डॉ. प्रियंका शर्मा के रूप में हुई है। वह जीएमसी अनंतनाग में पदस्थ थीं और मलखनाग क्षेत्र में किराए के मकान में रह रही थीं।

जांच के दौरान फोन कॉल ट्रेक में नाम आने के बाद पुलिस टीमों ने डॉक्टर के निवास पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किए गए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। सूत्रों के अनुसार, हरियाणा पुलिस भी उनके परिवार और अन्य पृष्ठभूमि संबंधी जानकारी जुटा सकती है।

इससे पहले उत्तर दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल में एनआईए की कार्रवाई के दौरान हिरासत में लिए गए हरियाणा की अल-फलाह यूनिवर्सिटी के एमबीबीएस छात्र जानीसुर आलम उर्फ निसार आलम को पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया था। वह लुधियाना में रहता है और हाल ही में परिवार के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अपने गांव गया था।

See also  लॉक डाउन के बीच जल्द खुलेंगी शराब दुकानें, राज्य शासन ने गठित की 4 सदस्यीय समिति

जांच के दायरे में यूपी के 200 कश्मीरी छात्र

जैश मॉड्यूल की जांच को लेकर उत्तर प्रदेश में भी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। राज्य में लगभग दो सौ कश्मीरी मूल के मेडिकल छात्र और डॉक्टर जांच के दायरे में हैं। एटीएस यूपी विभिन्न मेडिकल कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से संपर्क में है, जहां कश्मीर के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।

कानपुर, लखनऊ, मेरठ, सहारनपुर सहित कई शहरों और संस्थानों में गतिविधियों पर करीबी नजर रखी जा रही है। एजेंसियां इन स्थानों को उच्च निगरानी मोड पर रखते हुए संभावित कनेक्शनों की जांच कर रही हैं।