टीआरपी डेस्क। All India Forest Sports Meet : छत्तीसगढ़ ने अखिल भारतीय वन खेल प्रतियोगिता में एक बार फिर इतिहास रच दिया है। देहरादून में हुई 28वीं अखिल भारतीय वन खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेडल तालिका में पहला स्थान हासिल किया है। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने 578 अंक के साथ 150 मेडल और लगातार दूसरी बार ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की है।

खिलाड़ियों का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी रहा शानदार

उल्लेखनीय है कि 28वीं ऑल इंडिया फॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट 12 नवंबर से 17 नवंबर तक देहरादून में आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने 74 गोल्ड, 34 रजत, 42 कांस्य पदक जीत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। छत्तीसगढ़ की ओर से इस प्रतियोगिता में भाग लेने 253 सदस्यों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने कई उत्कृष्ट व्यक्तिगत प्रदर्शन भी किए। इनमें सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी निखिल जाल्को ने तैराकी में 5 स्वर्ण, सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी संगीता राजगोपालन बैडमिंटन एवं टेनिस में 4 स्वर्ण, 1 रजत, सर्वश्रेष्ठ एथलीट महिला ओपन थोटा संकीर्तन ने 5 स्वर्ण पदक प्राप्त कर गोल्डन गर्ल का खिताब हासिल किया। इसी प्रकार सर्वश्रेष्ठ (पुरुष वेटरन) एथलीट सुखनंदन लाल ध्रुव ने 5 स्वर्ण, सर्वश्रेष्ठ एथलीट (महिला वेटरन) चारुलता गजपाल 4 स्वर्ण ने पदक प्राप्त किया।

See also  छत्तीसगढ़ : अब बिजली गई तो उपभोक्ता के मोबाइल पर तुरंत आ जाएगा मैसेज; कॉल सेंटर से फोन भी आएगा

13वीं बार जीती ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी

छत्तीसगढ़ ने 13वीं बार ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की है। इस खेल-कूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह तथा उत्तराखंड के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने संयुक्त रूप से ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की। छत्तीसगढ़ की ओर से यह ट्रॉफी शालिनी रैना ने ग्रहण की।

केरल-कर्नाटक ने भी मचाई धूम

प्रतियोगिता में केरल ने 31 गोल्ड लेकर द्वितीय स्थान और कर्नाटक ने 25 गोल्ड मेडल लेकर तीसरा स्थान हासिल किए। जबकि मेजबान उत्तराखंड छठे स्थान पर रहा। इस प्रतियोगिता को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए एक विशेष पहल भी की गई। इसके तहत “एक खेल-एक वन” की अवधारणा पर सभी मेडल जीतने वाले खिलाड़ी के नाम पर एक पेड़ लगाया गया, जिससे खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी मिला।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

All India Forest Sports Meet : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वन मंत्री केदार कश्यप ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों और टीमों को बधाई देते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी है।

See also  Human Trafficking : छत्तीसगढ़ की युवती को 2 लाख रुपए में दलाल से खरीदा, जबरिया की शादी, अब पहुंचे सलाखों के पीछे