टीआरपी डेस्क। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई और कुख्यात अपराधी अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से भारत डिपोर्ट कर दिया गया है। 19 नवंबर को IGI एयरपोर्ट पहुंचते ही NIA और दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। सुरक्षा घेरे में उसे सीधे पटियाला हाउस कोर्ट ले जाया गया, जहां NIA उसकी ट्रांजिट रिमांड की मांग करेगी।

अनमोल पिछले दो वर्षों से फर्जी पासपोर्ट के जरिए अमेरिका में रह रहा था। वह NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश, पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या, सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग और विदेश से ऑनलाइन धमकी जैसे गंभीर मामलों में वांछित रहा है। इन मामलों सहित उस पर 18 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

जांच एजेंसियों के अनुसार, अनमोल विदेश में रहते हुए भी अपने गिरोह को निर्देशित करता था और फिरौती वसूली के नेटवर्क को संचालित करता था। उसके भारत आने के बाद इन मामलों की जांच में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।

See also  बिलासपुर-अंबिकापुर हवाई सेवा बंद, यात्रियों की कमी बनी वजह