Gold-Silver Price: सोने और चांदी की कीमतों ने गुरुवार, 29 जनवरी को नया कीर्तिमान रच दिया। वायदा बाजार में चांदी पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर को पार कर गई, वहीं सोने ने भी 1.80 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का ऑल-टाइम हाई छू लिया। मजबूत निवेश मांग और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच कीमती धातुओं में यह जोरदार तेजी देखने को मिली।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी का वायदा भाव 22,090 रुपये यानी 5.73 प्रतिशत की उछाल के साथ 4,07,456 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया। यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।

सोने के दाम भी रिकॉर्ड पर

एमसीएक्स पर फरवरी डिलीवरी वाले सोने के कॉन्ट्रैक्ट में भी जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। सोने का भाव 14,586 रुपये या करीब 8.8 प्रतिशत बढ़कर 1,80,501 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने ने इतिहास रच दिया। कॉमेक्स पर सोने का वायदा भाव पहली बार 5,600 डॉलर प्रति औंस के पार चला गया। अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 286.6 डॉलर या 5.4 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,626.8 डॉलर प्रति औंस के नए उच्च स्तर पर बंद हुआ।

See also  शराबबंदी को लेकर दिए कांग्रेस के बयान की निश्चय बाजपेयी व सीए अमित चिमनानी ने की कड़ी निंदा

कॉमेक्स में चांदी भी ऑल-टाइम हाई पर

कॉमेक्स बाजार में चांदी के वायदा भाव ने भी नया रिकॉर्ड बनाया और यह 119.51 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई। विश्लेषकों के मुताबिक, चांदी की औद्योगिक मांग में लगातार बढ़ोतरी और अमेरिकी डॉलर की कमजोरी ने कीमतों को मजबूत सहारा दिया है। हाल के सत्रों में चांदी का प्रदर्शन सोने से बेहतर रहा है।

सेफ-हेवन डिमांड से बढ़ी चमक

विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और भू-राजनीतिक तनावों के चलते निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। इसी वजह से सोने की कीमतों में लगातार मजबूती बनी हुई है।

इस साल कितनी बढ़ीं कीमतें

आंकड़ों पर नजर डालें तो इस साल अब तक सोने के भाव में 27 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हो चुकी है, जबकि 2025 में सोना करीब 64 प्रतिशत तक चढ़ा था। वहीं चांदी की कीमत में इस साल अब तक 60 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई है। बुलियन बाजार में यह उछाल मजबूत सेफ-हेवन डिमांड, सेंट्रल बैंकों की लगातार खरीदारी और कमजोर डॉलर का नतीजा माना जा रहा है।

See also  India Budget 2019 Live Updates: बजट से जुड़े ताजा अपडेट्स किसे क्या मिला?