बुधवार, 23 सितंबर 2026 बुध, 23 सित॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
छत्तीसगढ़

Sitapur Jewelry Theft: 500 CCTV खंगालने के बाद खुला 1 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का राज, आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार

Sitapur Jewelry Theft: 500 CCTV खंगालने के बाद खुला 1 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का राज, आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में ज्वेलरी दुकान संचालक से 1 करोड़ रुपये से ज्यादा के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने ओडिशा से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू (30) के रूप में हुई है। वह ओडिशा के जाजपुर जिले के कोरई का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में कुल चार आरोपी शामिल थे। इससे पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने जांच के दौरान करीब 500 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और आरोपियों तक पहुंची।

स्कूटी से बैग निकालकर फरार हुए थे आरोपी

मामला 26 जुलाई का है। सीतापुर में नेशनल हाईवे-43 के किनारे स्थित काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुण कुमार सोनी दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने सोने-चांदी के जेवर से भरा बैग अपनी स्कूटी में लटका दिया था।

इसी दौरान एक अज्ञात युवक स्कूटी से बैग निकालकर फरार हो गया। बैग में 800 ग्राम से ज्यादा सोने और करीब ढाई किलो चांदी के जेवर थे। चोरी हुए जेवरों की कुल कीमत 1 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों के साथ अलग-अलग स्थानों के करीब 500 कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

ओडिशा तक ऐसे पहुंची पुलिस की जांच

CCTV फुटेज और अन्य जांच के आधार पर पुलिस को आरोपियों के ओडिशा के एक उठाईगीर गिरोह से जुड़े होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ओडिशा पहुंची और संदिग्धों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने चांटी दास निवासी सोर्डा, गंजाम और नागेश्वर राव निवासी नारायणपुर, गंजाम की पहचान की। चांटी दास के घर की तलाशी के दौरान चोरी के जेवर मिले, लेकिन वह अभी फरार है।

नागेश्वर राव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि, उसके कब्जे से चोरी के जेवर बरामद नहीं हुए थे।

शंकर प्रधान को भी किया गिरफ्तार

अब पुलिस ने गिरोह के एक और सदस्य शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शंकर ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात बताई।

हालांकि, उसके पास से भी चोरी के जेवर बरामद नहीं हुए हैं।

पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। अदालत के आदेश के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

46 लाख के जेवर बरामद

इस मामले में पुलिस ने पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। उसके पास से करीब 46 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए थे।

पुलिस अब फरार आरोपी चांटी दास समेत वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही चोरी हुए बाकी जेवरों की बरामदगी के लिए भी जांच जारी है।

The Rural Press ब्यूरो
लेखक / पत्रकार:

The Rural Press ब्यूरो

सम्पादकीय डेस्क (The Rural Press Editorial Team)

द रूरल प्रेस केंद्रीय सम्पादकीय मंडल एवं राज्य ब्यूरो नेटवर्क

The Rural Press की विशेष सम्पादकीय एवं ग्रामीण खोजी पत्रकारिता टीम। जमीनी मुद्दों, कृषि संकट और निष्पक्ष जनसरोकार की विश्वसनीय रिपोर्टिंग।

विज्ञापन