रायपुर। CM Electricity Bill Samadhan Yojana 2026: राजधानी के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सालय के सभागार में आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिजली उपभोक्ताओं को एक बड़ी सौगात दी है। सीएम ने मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 का शुभारंभ किया, जिससे प्रदेश के लाखों निम्न और मध्यम वर्गीय परिवारों को भारी राहत मिलने वाली है।
बता दें कि मुख्यमंत्री ने इस योजना के तहत उन परिवारों का विशेष ध्यान रखा है, जो आर्थिक तंगी के कारण समय पर बिल नहीं भर सके और उन पर सरचार्ज का पहाड़ खड़ा हो गया। अब इस योजना के जरिए ऐसे उपभोक्ताओं का न केवल सरचार्ज माफ होगा, बल्कि मूल राशि में भी बड़ी कटौती की जाएगी।
28 लाख उपभोक्ताओं को मिलेगा फायदा
मैदानी सूत्रों के मुताबिक, यह योजना प्रदेश के 28 लाख 42 हजार उपभोक्ताओं के लिए संजीवनी का काम करेगी। सरकार इस योजना के माध्यम से कुल 757 करोड़ रुपये की राहत जनता तक पहुँचाएगी।
योजना की खास बातें
- बकाया राशि पर लगे अधिभार (सरचार्ज) में 100 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
- मूल बकाया राशि में 75 प्रतिशत तक की राहत दी जाएगी।
- योजना का लाभ लेने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाना होगा।
- पंजीयन के समय कुल बकाया का न्यूनतम 10 प्रतिशत जमा करना होगा, बाकी राशि किस्तों में चुकाई जा सकेगी।
- यह स्कीम 30 जून 2026 तक प्रभावशील रहेगी।
सब्सिडी का तोहफा और सूर्यघर योजना
कार्यक्रम के दौरान सीएम साय ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 2 हजार 931 हितग्राहियों के खातों में 8 करोड़ 79 लाख रुपये की सब्सिडी भी ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 36 हजार से ज्यादा लोग अब सोलर एनर्जी से जुड़ चुके हैं और महिला स्व-सहायता समूहों का सोलर वेंडर के रूप में काम करना गर्व की बात है।
सीएम ने ऊर्जा विभाग के अफसरों को निर्देश दिए हैं कि वे वार्डों में शिविर लगाकर इस योजना का व्यापक प्रचार करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस सुविधा से वंचित न रहे।



