टीआरपी डेस्क। हफ्ते का दूसरा कारोबारी दिन निवेशकों के लिए किसी झटके से कम नहीं रहा। लगातार तीन दिनों की तेजी पर आज अचानक ब्रेक लग गया और बाजार खुलते ही लाल निशान में समा गया। बता दें कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी निवेशकों (FIIs) की ताबड़तोड़ बिकवाली ने दलाल स्ट्रीट का माहौल बिगाड़ दिया है।

कुछ ही सेकंड में साफ हुए 4.24 लाख करोड़

बाजार में गिरावट इतनी तेज थी कि कारोबार शुरू होने के कुछ ही सेकंड के भीतर बीएसई (BSE) में लिस्टेड कंपनियों की कुल मार्केट वैल्यू 4.24 लाख करोड़ रुपये घट गई।

सेंसेक्स का हाल: शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1.05% की भारी गिरावट के साथ 73,326.61 पर आ गया। निफ्टी भी 0.9% टूटकर 22,771.75 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है। सिर्फ बड़े शेयर ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी करीब 1% की गिरावट देखी गई है।

इन कंपनियों के निवेशकों को लगा तगड़ा झटका

आज सबसे ज्यादा मार एविएशन, ऑटो और बैंकिंग सेक्टर पर पड़ी है। IndiGo, जोमैटो की पेरेंट कंपनी Eternal, महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), एसबीआई (SBI), एक्सिस बैंक और एशियन पेंट्स के शेयरों में 2 से 3% की गिरावट दर्ज की गई है। निफ्टी ऑटो इंडेक्स 2% से ज्यादा गिर गया है, वहीं पीएसयू बैंक इंडेक्स में भी 1.9% की कमजोरी है।

See also  Mukundra Hills Tunnel : देश की पहली 8 लेन वाली सुरंग तैयार, 120/घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी कारें…

इन शेयरों में दिखी हल्की हरियाली

बाजार के इस भारी दबाव के बीच कुछ शेयर मजबूती से टिके हुए हैं। Bajaj Finance, Tech Mahindra, HCL Tech और ITC के शेयर हरे निशान में नजर आ रहे हैं, हालांकि इनकी बढ़त बहुत मामूली है। वहीं, निफ्टी मेटल इंडेक्स में 0.7% की तेजी देखी जा रही है।

डर का माहौल (India Vix)

बाजार में अस्थिरता और डर को मापने वाला इंडेक्स ‘India Vix’ आज 2% उछल गया है, जो बताता है कि निवेशक आने वाले घंटों को लेकर काफी डरे हुए हैं। एनएसई (NSE) पर फिलहाल 1,105 शेयरों में गिरावट देखी जा रही है, जबकि 1,398 शेयर बढ़त बनाने की कोशिश में हैं।