रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम के मिजाज ने एक बार फिर करवट ले ली है. हवा में तैर रही नमी की वजह से लोग भीषण गर्मी और उमस से हलाकान हैं. भले ही पिछले चौबीस घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई हो, लेकिन अब राहत की उम्मीद मद्धम पड़ गई है. मौसम विभाग की मानें तो अब हर दिन तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी होगी. अगले तीन से चार दिनों के भीतर प्रदेश के मध्य और उत्तरी इलाकों में सूरज आग उगलने लगेगा और लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा.

4 दिनों में 4 डिग्री तक चढ़ेगा पारा, चलेगी लू

मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा के मुताबिक, इस समय उत्तर प्रदेश के आसपास एक ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ है. साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर लक्षद्वीप तक एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) भी गुजर रही है. इन सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ में आज (20 मई) मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है.

See also  CG Weather Update : गुरुवार को प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना

शुष्क मौसम के कारण अगले चार दिनों में सूबे के अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक की भारी बढ़ोतरी हो सकती है. इस वजह से रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई जिलों में ग्रीष्म लहर (हीट वेव) यानी लू चलने जैसे हालात बन जाएंगे.

बिलासपुर में पारा 43 पार, रायपुर में आज कैसा रहेगा हाल?

बीते मंगलवार को प्रदेश के कुछ कोनों में हल्की-फुल्की बारिश दर्ज की गई. इस दौरान बिलासपुर जिला 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ज्यादा तप रहा था. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 25.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया.

राजधानी रायपुर की बात करें तो आज आसमान बिल्कुल साफ रहेगा. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आज रायपुर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा, जिससे रात में भी उमस परेशान करेगी.

मई के आखिरी में प्री-मानसून की उम्मीद

मौसम के जानकारों का कहना है कि मई के महीने में अब तक मौसम का मिला-जुला रूप देखने को मिला है. कभी तेज धूप तो कभी अंधड़-बारिश से पारा गिरता रहा. हालांकि, मई के आखिरी दिनों में केरल के रास्ते मानसून दस्तक दे सकता है. अगर मानसून समय पर आया, तो छत्तीसगढ़ में मई के अंत तक प्री-मानसून की बौछारें पड़ने लगेंगी, जिससे तपती गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

See also  IND vs AUS 5th T20 : सीरीज डिसाइडर मैच में ऑस्ट्रेलिया ने जीता टॉस, भारतीय टीम करेगी पहले बल्लेबाजी, प्लेइंग-11 में इन्हें मिला मौका…