टीआरपी डेस्क। नीट (NEET) पेपर लीक और देश की शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त गड़बड़ियों के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को हुआ महा-आंदोलन करीब 5 घंटे तक चलने के बाद समाप्त हो गया। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के इस प्रदर्शन ने केंद्र सरकार की चिंताएं बढ़ा दी हैं। पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के लिए सरकार को 5 दिन का कड़ा अल्टीमेटम दिया है। इस हाई-प्रोफाइल आंदोलन को मशहूर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से बड़ा समर्थन मिला।
सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक चला प्रदर्शन
दरअसल, शनिवार सुबह 10 बजे से जंतर-मंतर पर हजारों छात्रों और युवाओं का हुजूम जुटना शुरू हुआ। दोपहर करीब 3 बजे सीजेपी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और लद्दाख के प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के प्रदर्शन स्थल से रवाना होने के बाद आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ। सोनम वांगचुक हाथ में गुलाब का फूल लेकर गांधीवादी और शांतिपूर्ण तरीके से छात्रों का समर्थन करने पहुंचे थे, जिन्हें देखकर आंदोलनकारियों का हौसला दोगुना हो गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 6 लोग हिरासत में
प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति या कानून-व्यवस्था को बिगड़ने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस बेहद मुस्तैद रही। पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए प्रदर्शन स्थल से 6 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया।
अभिजीत दीपके के घर पर कड़ा पहरा
दिल्ली में मचे इस सियासी बवाल के बीच महाराष्ट्र स्थित CJP फाउंडर अभिजीत दीपके के पैतृक घर की सुरक्षा अचानक बढ़ा दी गई है। जहां पहले केवल एक गार्ड तैनात था, वहां अब एक पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
‘मुझे गिरफ्तारी का डर था’— अभिजीत दीपके का भावुक संबोधन
सुबह ही अमेरिका से लौटकर सीधे जंतर-मंतर पहुंचे अभिजीत दीपके ने मंच से युवाओं को संबोधित करते हुए एक बेहद भावुक बयान दिया। उन्होंने कहा, “जब मैं भारत लौट रहा था, तो मुझे आशंका थी कि एयरपोर्ट पर ही मुझे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आज कई लोग सत्ता के दबाव में अपने सिद्धांतों से समझौता कर लेते हैं, लेकिन देश का छात्र और युवा वर्ग कभी नहीं झुकेगा।”
‘हिट’ स्प्रे लेकर पहुंचा था विरोधी, मची हलचल
गौरतलब है कि प्रदर्शन के दौरान एक समय ऐसा भी आया जब माहौल तनावपूर्ण हो गया था। एक अज्ञात शख्स हाथ में ‘हिट’ (कॉकरोच मारने वाला स्प्रे) लेकर पार्टी का विरोध करने पहुंच गया था। हालांकि, सीजेपी समर्थकों ने उसे धक्का देकर तुरंत प्रदर्शन स्थल से बाहर खदेड़ दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।



