टीआरपी डेस्क। Stock Market : निवेशकों के लिए सोमवार का दिन बेहद अमंगल साबित हुआ। लगातार दो दिनों (कारोबारी दिन) की तूफानी तेजी के बाद आज भारतीय शेयर बाजार में अचानक आई भारी बिकवाली ने हाहाकार मचा दिया, जिससे शेयर निवेशकों के करोड़ों रुपये स्वाहा हो गए।

सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम

दरअसल, पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच हुए भू-राजनीतिक तनाव ने वैश्विक बाजारों के साथ-साथ भारतीय शेयर बाजार की भी कमर तोड़ दी है। इस युद्ध जैसी स्थिति के खौफ से निवेशकों में भारी डर बैठ गया है। सोमवार को बीएसई (BSE) का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 372.10 अंक टूटकर 76,728.37 के स्तर पर बंद हुआ, वहीं एनएसई (NSE) का निफ्टी भी 109.75 अंक फिसलकर 23,946.25 पर आ गया। बाजार में मची इस खलबली का सीधा असर भारतीय करेंसी पर भी पड़ा और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 9 पैसे कमजोर होकर 94.54 के स्तर पर बंद हुआ।

सबसे बड़ा झटका कोटक महिंद्रा बैंक को लगा, जिसके शेयर 3.24 प्रतिशत तक टूट गए। दरअसल कोटक बैंक के एमडी और सीईओ अशोक वासवानी ने आधिकारिक ऐलान किया है कि वे 31 दिसंबर 2026 को अपना कार्यकाल पूरा होने के बाद पद छोड़ देंगे। इस खबर से निवेशकों ने भारी बिकवाली की।

See also  अभी अभी : दिल्ली एम्स में लगी आग, मौके पर दमकल की दस गाड़ियां

चौतरफा बिकवाली के इस माहौल में निफ्टी फार्मा  ने निवेशकों को थोड़ी राहत दी और यह 1% से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ।

ऑटो सेक्टर हुआ बेहाल

अलग-अलग सेक्टर्स की बात करें तो निफ्टी ऑटो इंडेक्स सबसे ज्यादा 2% से अधिक लुढ़क गया। अडाणी एंटरप्राइजेज, मारुति और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी 2-2 फीसदी तक गिर गए।

क्रूड ऑयल में उछाल

इस तनाव के बीच वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.51 प्रतिशत उछलकर 73.09 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जिससे आने वाले दिनों में महंगाई बढ़ने का डर सताने लगा है।