CG Weather Update

टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार आज से राज्य के सभी इलाकों में बारिश की रफ्तार बढ़ने वाली है। बीते चौबीस घंटों में सरगुजा और बस्तर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई है। आने वाले सात दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।

उमस के बाद रायपुर में बरसे बादल

राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। दोपहर के समय तेज उमस ने लोगों को परेशान किया, लेकिन इसके बाद हुई बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया। बुधवार को भी शहर में ऐसा ही मौसम बना हुआ है। पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 36 डिग्री और सबसे कम तापमान पेंड्रा में 23.2 डिग्री दर्ज किया गया।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हवा में एक चक्रवात बना हुआ है, जो दक्षिण उत्तर बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश के ऊपर सक्रिय है। इसके असर से तीन जुलाई को उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की उम्मीद है। इस सिस्टम के कारण रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी और कुछ जगहों पर भारी बौछारें भी पड़ सकती हैं।

See also  देश की एकता और अखंडता के लिए बेहतर होनी चाहिए राज्यों की कानून व्यवस्था- पीएम मोदी 

इन इलाकों में दर्ज की गई अच्छी बारिश

पिछले चौबीस घंटों में राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई है। कुसमी में सबसे ज्यादा नौ सेंटीमीटर पानी गिरा। इसके अलावा पखांजूर में सात सेंटीमीटर, चंद्रपुर, मर्दापाल, गिधौरी और टुंड्रा में पांच-पांच सेंटीमीटर बारिश हुई। शिवरीनारायण, कोटा और दंतेवाड़ा में चार-चार सेंटीमीटर, जबकि पौडी उपरोरा, गीदम, सामरी और दोरनापाल में तीन-तीन सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

रायपुर में आज तेज हवा और बौछारें पड़ने के आसार

राजधानी में आज दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने और बारिश होने की संभावना जताई है। रायपुर में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

चौदह जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने राज्य के चौदह जिलों में मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। आने वाले कुछ घंटों में बलरामपुर, बिलासपुर, गौरेला पेंड्रा मरवाही, कबीरधाम, कांकेर, कोंडागांव, कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर, मुंगेली, नारायणपुर, रायगढ़, सूरजपुर और सरगुजा में बिजली गिरने, बादल गरजने और तेज हवा के साथ बारिश होने की आशंका है। इन सभी इलाकों के लिए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है कि लोगों को खराब मौसम के प्रति सावधान रहना होगा।

See also  TRP Special 'नमस्ते कोरोना' : अब दुनिया को 'कोरोना' सिखा रहे 'नमस्ते' करना, वैश्विक नेता अपना रहे भारतीय संस्कृति, इस तरह कर रहे हैं अभिवादन